Nag Panchami 2026: नाग पंचमी आज, इस सरल विधि से करें पूजा, जानिए सामग्री से लेकर नियम तक सबकुछ

नाग पंचमी 2026Image Credit source: PTI

हिंदू धर्म में नाग पंचमी का त्योहार बहुत ही श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है. पंचांग के अनुसार, साल 2026 में नाग पंचमी का यह पावन पर्व 17 अगस्त यानी आज मनाया जाएगा. इस विशेष दिन पर नाग देवताओं की पूजा करने का विधान है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है. नाग पंचमी के दिन भगवान शिव के आभूषण माने जाने वाले नाग देवताओं का पूजन करने से जीवन की बड़ी से बड़ी रुकावटें दूर हो जाती हैं. इसके साथ ही, जिन लोगों की कुंडली में कालसर्प दोष या अन्य परेशानियां होती हैं, उन्हें इस दिन पूजन करने से बहुत राहत मिलती है. इसलिए इस पावन दिन पर सही विधि और नियमों का पालन करते हुए पूजा-अर्चना करना बेहद फलदायी माना जाता है.

नाग पंचमी पूजन सामग्री की पूरी सूची

नाग पंचमी की पूजा को सही तरीके से पूरा करने के लिए कुछ जरूरी पूजन सामग्री की आवश्यकता होती है. पूजा शुरू करने से पहले धातु के नाग-नागिन की प्रतिमा, मिट्टी का शिवलिंग, रुद्राक्ष की माला, तांबे का लोटा और ताजे बेलपत्र एकत्रित कर लें. इसके अलावा घर के मुख्य द्वार पर आकृति बनाने के लिए गोबर, हल्दी या चंदन का उपयोग किया जाता है. भगवान शिव और नाग देवता को अर्पित करने के लिए शुद्ध दूध, जल, रोली, अक्षत, फूल और मिठाई की व्यवस्था करें. कालसर्प दोष से मुक्ति पाने के लिए पूजा में चांदी या तांबे से बने नाग-नागिन के जोड़े का होना बहुत शुभ माना जाता है. इन सभी आवश्यक सामग्रियों को एक स्थान पर व्यवस्थित रखकर ही पूजा का शुभ संकल्प लेना चाहिए.

नाग पंचमी के जरूरी नियम और सावधानियां

नाग पंचमी के पावन दिन पर कुछ विशेष नियमों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है. इस दिन खेत की खुदाई करना या जमीन में गड्ढा खोदना पूरी तरह से मना होता है. किसी भी जीवित सर्प को कष्ट न पहुंचाएं और न ही उन्हें जबरदस्ती दूध पिलाने की कोशिश करें. घर में खाना बनाते समय लोहे के तवे का उपयोग करने से बचें और सिलाई या कटाई के लिए नुकीली वस्तुओं का प्रयोग न करें. इस दिन किसी के साथ विवाद न करें और अपनी बोली को मीठा रखें. पूजा-पाठ के बाद अपनी सामर्थ्य के अनुसार गरीबों और जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या फल दान करें. इन सरल नियमों का पालन करने से नाग देवता और भगवान शिव की कृपा बनी रहती है और घर में सुख-समृद्धि आती है.

नाग पंचमी की सरल और सटीक पूजा विधि

नाग पंचमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें. इसके बाद घर के मुख्य द्वार के दोनों तरफ गोबर, हल्दी या चंदन की सहायता से नाग देवता की आकृति बनाएं. पूजा स्थल पर मिट्टी का शिवलिंग स्थापित करें और तांबे के लोटे से शिवलिंग पर जल व दूध अर्पित करें. भगवान शिव को बेलपत्र और रुद्राक्ष चढ़ाकर श्रद्धापूर्वक पूजा करें. इसके बाद नाग-नागिन की धातु की प्रतिमा पर दूध, जल, रोली और अक्षत चढ़ाकर विधिवत पूजन करें. यदि कुंडली में कालसर्प दोष है, तो चांदी या तांबे के नाग-नागिन के जोड़े का पूजन कर उसे बहते जल में प्रवाहित करने की परंपरा है. पूजा के दौरान नाग स्तोत्र का पाठ करें और भगवान शिव के मंत्रों का श्रद्धा से जाप करें. और आखिर में नाग देवता की आरती उतारें और प्रसाद सभी लोगों में वितरित करें.

ये भी पढ़ें: कुंडली में कालसर्प योग हो तो क्या होता है? जानिए जीवन पर इसका असर

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए astropatri.com पर संपर्क करें.

दिव्या गौतम

दिव्या गौतम

दिव्या एक रचनात्मक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि वाली लेखक हैं, जो ज्योतिष, जीवनशैली और आत्म-ज्ञान से जुड़ी सामग्री लिखती हैं. इनके पास 3 साल 10 महीने का अनुभव है, जिसमें इन्होंने 2022 में इंडिया न्यूज़ डिजिटल के साथ बतौर लेखक काम करना शुरू किया था. दिव्या की लेखनी सरल, भावनात्मक और रोचक होती है, जो सीधे पाठक के हृदय तक पहुंचती है और जीवन के छोटे-छोटे रहस्यों, ज्योतिषीय सिद्धांतों और रोचक ज्ञान से परिचित कराती है. उनका उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं है, बल्कि पाठकों को आध्यात्मिक समझ, आत्म-ज्ञान से जोड़ना है. दिव्या का लेखन हर पाठक को उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करता है.

Read More

google button