Naresh Balyan MCOCA Case: राऊज एवेन्यू कोर्ट ने AAP के नेता नरेश बाल्यान से जुड़े मकोका मामले में आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की सुनवाई को टाल दिया है।

Naresh Balyan MCOCA Case

नरेश बालियान MCOCA केस।

  • Published: 29 Aug 2026, 04:55 PM IST
  • Last Updated: 29 Aug 2026, 04:55 PM IST

Naresh Balyan MCOCA Case: दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता नरेश बाल्यान से जुड़े MCOCA मामले में आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने पर सुनवाई टाल दिया। स्पेशल जज प्रशांत कुमार ने अब आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने पर अगली सुनवाई 18 सितंबर को करने का आदेश दिया है।  

जानकारी के मुताबिक, सुनवाई के दौरान नरेश बाल्यान की ओर से कहा गया कि दलीलें रखने के लिए वकील रेबेका जॉन उपलब्ध नहीं हैं, जिसके बाद कोर्ट ने आरोप तय करने पर अगली सुनवाई 18 सितंबर तय की। इसके साथ ही कोर्ट ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 18 सितंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया। 

दरअसल 8 अगस्त को दिल्ली पुलिस ने आरोप तय करने पर अपनी दलीलें पूरी कर ली थी। इस मामले में कोर्ट 2 आरोपियों कपिल सांगवान और उमेद सिंह को भगोड़ा घोषित कर चुकी है। दिल्ली पुलिस ने 17 अप्रैल को इस मामले में छठी पूरक चार्जशीट दाखिल किया था। कोर्ट ने 24 जनवरी को मनोज यादव के खिलाफ दिल्ली पुलिस की पांचवी पूरक चार्जशीट पर संज्ञान लिया था।

कोर्ट ने मनोज यादव ऊर्फ कैरा के खिलाफ मकोका की धारा 3 और 4 के आरोपों के तहत चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। चार्जशीट में मनोज यादव को संगठित अपराध गिरोह का सदस्य बताया गया है। ये गिरोह कपिल सांगवान ऊर्फ नंदू संचालित करता है, जो अभी फरार है। दिल्ली पुलिस की जांच में मनोज यादव के खिलाफ आपराधिक गतिविधियों के कई FIR दर्ज होने का पता चला। 

नरेश बाल्यान का गैंगस्टर कपिल सांगवान से कनेक्शन

दिल्ली पुलिस का कहना है कि नरेश बाल्यान और गैंगस्टर के बीच बातचीत का मामला 2023 का है। इस मामले में 2023 में FIR दर्ज कराई गई थी। कपिल सांगवान एक कुख्यात गैंगस्टर है, जो पिछले 5 सालों से ब्रिटेन में रह रहा है।

कपिल सांगवान और नरेश बाल्यान दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। कपिल सांगवान हरियाणा के नफे सिंह हत्याकांड का भी मास्टरमाइंड है। सांगवान पर बल्लू पहलवान और बीजेपी नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या का भी मास्टरमाइंड माना जाता है। नरेश बाल्यान ने 2015 और 2019 में उत्तम नगर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था।