प्रधानमंत्री मोदी के नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत अंबिकापुर में युवाओं ने नशामुक्त भारत और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया।
रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। अभियान की शुरुआत के साथ ही देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को चलाया जाएगा। इसके तहत युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने और विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अंबिकापुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
राष्ट्रीय अभियान के तहत अम्बिकापुर के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। बड़ी संख्या में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना। संबोधन के बाद सभी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
राजेश अग्रवाल बोले- नशामुक्त भारत ही विकसित भारत की मजबूत नींव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान सिर्फ नशामुक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और विकसित भारत के सपने को साकार करने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना होगा और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना होगा। मंत्री श्री अग्रवाल ने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने, अपने लक्ष्य तय करने और पूरी मेहनत व समर्पण के साथ उन्हें हासिल करने का आह्वान किया।
युवाओं को लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की सलाह
श्री अग्रवाल ने कहा कि हर युवा को अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। लक्ष्य तय होने के बाद पूरी लगन और ईमानदारी से उसे प्राप्त करने का प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के मानसिक दबाव या नकारात्मक परिस्थितियों से घबराने की आवश्यकता नहीं है। अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ते हुए सफलता प्राप्त की जा सकती है। परिवार, समाज और राष्ट्र की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली बेहद जरूरी है।
कलेक्टर अजीत बसंत ने युवाओं से जनजागरूकता बढ़ाने का किया आह्वान
कलेक्टर श्री अजीत बसंत ने कहा कि "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान" केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजागरण का बड़ा अभियान है। इसकी सफलता युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे नशे के दुष्प्रभावों को समझें और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सरगुजा जिले के युवा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जनप्रतिनिधियों ने भी दिया नशे के खिलाफ संदेश
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत और उपसभापति श्री हरमंदिर सिंह टिन्नी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है। यदि स्वस्थ और समृद्ध भारत का निर्माण करना है तो नशामुक्त जीवनशैली को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
युवाओं ने राष्ट्र निर्माण और नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे।
बड़ी संख्या में युवा और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, जिला युवा अधिकारी श्री प्रिंस सिंह, एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री रामकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।