Jammu and Kashmir student body found Bahadurgarh : दुल्हेड़ा के पास बाप्पा की विदाई के दौरान शाम 6:30 बजे हुआ हादसा, रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शनिवार सुबह मिला चौथे कॉलेज छात्र का शव। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Ganesh Visarjan Accident

बहादुरगढ़ की एनसीआर नहर में गणपति विसर्जन के दौरान हादसे के बाद बचाव कार्य चलाता राहत दल।

  • Published: 19 Sep 2026, 12:23 PM IST
  • Last Updated: 19 Sep 2026, 12:23 PM IST

Jammu and Kashmir student body found Bahadurgarh : हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित दुल्हेड़ा क्षेत्र से गुजरने वाली एनसीआर (दूल्हेड़ा) माइनर में गणपति विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे प्रतिमा विसर्जित करने उतरे चार युवक अचानक पानी की तेज धार और गहराई की चपेट में आकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए तीन युवकों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक छात्र गहरे पानी में समा गया।

जम्मू-कश्मीर का छात्र तेज बहाव में डूब गया था 
पानी में डूबे छात्र की पहचान 25 वर्षीय विख्यात शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जम्मू-कश्मीर का निवासी था और दुल्हेड़ा स्थित निकमार कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।

शुक्रवार शाम विख्यात अपने सहपाठियों आकिब, आशीष और शिवदर्शी के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए माइनर पर गया था। जलस्तर अधिक होने और बहाव काफी तेज होने के कारण चारों दोस्तों का संतुलन अचानक बिगड़ गया। तट पर खड़े लोगों की मदद से तीन दोस्तों को तो बचा लिया गया, लेकिन विख्यात तेज धारा में बह गया।

रातभर चला रेस्क्यू अभियान, शनिवार सुबह मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही बादली थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

रात का अंधेरा और पानी की तेज रफ्तार अभियान में बड़ी रुकावट बनी रही, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। आखिरकार शनिवार सुबह चलाए गए संघन तलाश अभियान के दौरान गोताखोरों को विख्यात शर्मा का शव बरामद हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झज्जर के राजकीय अस्पताल भेज दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

प्रशासन की पाबंदी के बावजूद बरती गई लापरवाही
उल्लेखनीय है कि एनसीआर माइनर के अत्यधिक गहरे और खतरनाक बहाव को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने यहां नहाने और मूर्ति विसर्जन करने पर सख्त पाबंदी लगा रखी है। इसके बावजूद लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर अपनी जान जोखिम में डालते हैं।

बादली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था, 3 युवकों को बचा लिया गया था और अब लापता छात्र का शव बरामद कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।