रोहतक में अरमान का शव देखकर रोता बड़ा भाई, उसके पेट में चाकू मारा गया था। इनसेट में अरमान का फाइल फोटो।

रोहतक के महम में हुए सांगी धनपत सिंह के पड़पोते मर्डर केस में अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अरमान (17) की आरोपी की बहन से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी।

.

10वीं करने के बाद अरमान राजस्थान के केरू में बहन के घर रहकर NEET की कोचिंग कर रहा था। इस दौरान दोनों की दोस्ती और गहरी हो गई। एक दिन आरोपी ने बहन के फोन में अरमान की चैट देख ली।

अरमान 15 सितंबर को जन्मदिन के दिन जैसे ही महम पहुंचा, इसकी भनक आरोपी को हो गई। इसके बाद उसे महम के हुडा सिटी पार्क में मिलने के लिए बुलाया। यहां अपने एक दोस्त के साथ मिलकर अरमान के पेट और छाती पर हमला कर मर्डर कर दिया।

महम SHO का कहना है कि आरोपी ने चाकू ऑनलाइन ऑर्डर किया था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। दोनों आरोपी नाबालिग है। अरमान के पड़दादा सांगी धनपत सिंह को ‘राय साहब’ के नाम से भी जाना जाता था।

आरोपी की बहन से इंस्टाग्राम पर अरमान की दोस्ती हुई थी। (AI जनरेटेड इमेज)

आरोपी की बहन से इंस्टाग्राम पर अरमान की दोस्ती हुई थी। (AI जनरेटेड इमेज)

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, भाई को पता चला

महम SHO सतपाल सिंह का कहना है कि अरमान की मोखरा गांव की एक एक युवती के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर ही बातचीत होती थी। इसकी जानकारी लड़की के भाई को हुई तो उसने अरमान से संपर्क कर बातचीत बंद करने को कहा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि अरमान ने अपने जन्मदिन पर राजस्थान से गांव निंदाना खास आने की बात कही थी। इसकी जानकारी उन्हें हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अरमान की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने वारदात के लिए ऑनलाइन चाकू बुक किया, जो घटना वाले दिन सुबह ही डिलीवर हुआ था।

इंस्टा आईडी से अरमान की पहचान की

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले से अरमान को नहीं जानते थे। हुडा सिटी पार्क में पहुंचने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर अरमान की फोटो और आईडी देखकर उसकी पहचान की। इसके बाद उसे समझाने का प्रयास किया। जब अरमान नहीं माना तो चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक गंभीर चोट लगने से अरमान की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने आरपियों को ट्रेस कर पकड़ा।

घटना के बाद पुलिस ने पॉलिटेक्निक छात्रों से पूछताछ की थी।

घटना के बाद पुलिस ने पॉलिटेक्निक छात्रों से पूछताछ की थी।

5 भाई-बहनों में सबसे छोटा था अरमान

अरमान 5 भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बर्थडे मनाने के लिए वह राजस्थान से घर आया था। अरमान के दो बड़े भाई और बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। उस दिन घर पर भी अरमान का जन्मदिन मनाने के लिए तैयारी चल रही थी।

आरोपियों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया

महम थाना SHO सतपाल ने बताया कि अरमान की हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों से पूछताछ पूरी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किए जाएंगे।