New Bike: हीरो मोटोकॉर्प ने नई ग्लैमर एक्स 125 को इंटीग्रेटेड एबीएस फीचर के साथ बाजार में उतारा है। 3 राइडिंग मोड वाली बाइक की शुरुआती कीमत 1.01 लाख रुपए रखी गई है।

Hero Glamour X 125

हीरो ग्लैमर X 125 लॉन्च

  • Published: 12 Sep 2026, 07:27 PM IST
  • Last Updated: 12 Sep 2026, 07:27 PM IST

New Bike: हीरो मोटोकॉर्प ने भारतीय बाजार में ग्लैमर एक्स 125 का नया वेरिएंट इंटीग्रेटेड एबीएस के साथ लॉन्च कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यह 125 सीसी सेगमेंट की पहली मोटरसाइकिल है, जिसमें इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम (आईबीएस) के साथ सिंगल-चैनल एबीएस दिया गया है। इस तकनीक से अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में बाइक की ब्रेकिंग और स्थिरता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.01 लाख रखी गई है।

ब्रेकिंग और सुरक्षा फीचर्स
नई ग्लैमर एक्स 125 में पहली बार एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस) जोड़ा गया है। यह फीचर अचानक या तेज ब्रेक लगाने की स्थिति में पहियों के लॉक होने की संभावना को कम करता है और बेहतर ब्रेकिंग नियंत्रण देने में मदद करता है। बाइक में पहले से मौजूद पैनिक ब्रेक अलर्ट और हैजर्ड लैंप जैसे सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं।

मस्कुलर डिजाइन और एलईडी लाइटिंग
डिजाइन की बात करें तो ग्लैमर एक्स 125 को मस्कुलर और स्पोर्टी लुक दिया गया है। इसमें एच-सिग्नेचर फुल-एलईडी लाइटिंग के साथ स्पोर्टी ग्राफिक्स मिलते हैं, जो बाइक को सड़क पर अलग पहचान देते हैं।

एडवांस कंसोल और कनेक्टिविटी
बाइक में 10.7 सेंटीमीटर का एडैप्टिव मल्टी-कलर कंसोल दिया गया है। इसमें 60 से ज्यादा फीचर्स मिलते हैं, जिनमें गियर शिफ्ट एडवाइजरी, डिस्टेंस-टू-एंप्टी और रियल-टाइम माइलेज इंडिकेटर शामिल हैं।

इसके अलावा, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, ईटीए डिस्प्ले और कॉल/एसएमएस अलर्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

इंजन और राइडिंग मोड
हीरो ग्लैमर एक्स 125 में स्प्रिंट-ईबीटी इंजन दिया गया है, जो 8,250 आरपीएम पर 11.4 बीएचपी की पावर जनरेट करता है। बाइक में राइडिंग जरूरत के हिसाब से इको, रोड और पावर तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा, इसमें क्रूज कंट्रोल भी दिया गया है, जो लंबी दूरी की राइडिंग के दौरान उपयोगी हो सकता है।

आराम और सुविधा
राइडिंग कंफर्ट के लिए बाइक में चौड़ा हैंडलबार, लंबी और फ्लैट सीट और कम सीट हाइट दी गई है। इसके अलावा, सीट के नीचे डुअल मोबाइल स्टोरेज और सी-टाइप यूएसबी चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है।

हीरो ग्लैमर एक्स 125 इंटीग्रेटेड एबीएस की कीमत
हीरो ग्लैमर एक्स 125 के इंटीग्रेटेड एबीएस वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत ₹1.01 लाख है। एबीएस, तीन राइडिंग मोड, क्रूज कंट्रोल और कनेक्टेड फीचर्स के साथ यह बाइक 125 सीसी सेगमेंट में तकनीक और सुरक्षा के मामले में एक मजबूत विकल्प के तौर पर पेश की गई है।

(मंजू कुमारी)