New EV: रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक कंपनी की दूसरी फुल इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी। इसे स्पोर्टी डिजाइन, दमदार इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और एडवांस टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया जाएगा।
रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक जल्द दस्तक देगी
- Published: 17 Jul 2026, 08:52 PM IST
- Last Updated: 17 Jul 2026, 08:52 PM IST
New EV: ब्रिटिश लग्जरी कार निर्माता रेंज रोवर (Range Rover) ने अपनी दूसरी फुल इलेक्ट्रिक एसयूवी रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक के आने की पुष्टि कर दी है। हाल ही में ब्रिटेन के समर सीजन के दौरान कई खास आयोजनों में Range Rover Electric की झलक दिखाने के बाद अब कंपनी अपनी स्पोर्टी SUV को भी इलेक्ट्रिक अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। नई कार में ऐसा इलेक्ट्रिक पावरट्रेन मिलेगा, जो बिना किसी समझौते के दमदार प्रदर्शन और शानदार ड्राइविंग एक्सपीरियंस का दावा करता है।
Goodwood Festival of Speed में पहली झलक
वीकेंड के दौरान यूके में आयोजित Goodwood Festival of Speed के प्रीव्यू इवेंट में Range Rover Sport Electric को प्रदर्शित किया गया। अपनी बेहतरीन ऑफ-रोड और परफॉर्मेंस विरासत को आगे बढ़ाते हुए इस इलेक्ट्रिक SUV ने गुडवुड मोटर सर्किट पर कई चुनौतीपूर्ण ड्राइविंग टेस्ट पूरे किए। इससे पहले Range Rover Sport ने चीन के प्रसिद्ध Heaven's Gate की 999 सीढ़ियां चढ़ने और आइसलैंड के कठिन स्पिलवे पर चढ़ाई जैसे कारनामों से अपनी क्षमता साबित की है।
एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस होगी SUV
नई Range Rover Sport Electric में कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बेहतर पावर डिलीवरी, तेज टॉर्क रिस्पॉन्स और अधिक संतुलित ड्राइविंग अनुभव मिलेगा। कंपनी ने इसके चेसिस को नए सिरे से ट्यून किया है, जबकि बेहतर ऑडियो साउंड प्रोफाइल के जरिए केबिन एक्सपीरियंस को भी पहले से अधिक प्रीमियम बनाया गया है। इसका उद्देश्य हर तरह के रास्ते पर स्पोर्टी और रिफाइंड ड्राइविंग फील देना है।
पूरी होगी पावरट्रेन रेंज
इस साल के अंत तक Range Rover Sport के पोर्टफोलियो में पूरी तरह इलेक्ट्रिक मॉडल भी शामिल हो जाएगा, जिससे इसका पावरट्रेन लाइन-अप पूर्ण हो जाएगा। फिलहाल यह SUV प्लग-इन हाइब्रिड, माइल्ड-हाइब्रिड V8 पेट्रोल और सिक्स-सिलेंडर पेट्रोल व डीजल इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुन सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि नई Range Rover Sport Electric को इस तरह विकसित किया गया है कि यह ब्रांड की स्पोर्टी पहचान को बरकरार रखते हुए शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन ड्राइविंग अनुभव प्रदान करे। इसकी तकनीकी जानकारी, स्पेसिफिकेशन और लॉन्च से जुड़ी बाकी जानकारियां इस साल के अंत तक सामने आने की उम्मीद है।
(मंजू कुमारी)