Time Updated: Tuesday, September 1, 2026, 8:22 [IST]

1 September 2026 New Rules: सितंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए राहत वाली नहीं है। 1 सितंबर 2026 से कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। मुंबई में थोक दूध महंगा हुआ है। एलपीजी की ई-केवाईसी नहीं कराने वालों के लिए सब्सिडी पर असर पड़ सकता है।

विदेश जाने वाले यात्रियों के लिए इमिग्रेशन का एक पुराना नियम बदला है। वहीं टाटा और हुंडई की कारें भी महंगी हो गई हैं। आइए एक-एक करके समझते हैं कि इन बदलावों का आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा।

5-big rule changes from 1 September 2026 lpg price milk rate car hike e-kyc

1. कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़े (Commercial LPG Cylinder Price Hike)

तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अलग-अलग शहरों में यह इजाफा अलग है। कोलकाता में सिलेंडर अब 2,884 रुपये का हो गया है। पहले कीमत 2,872।50 रुपये थी। यानी 11.50 रुपये की बढ़ोतरी।

दिल्ली में नई कीमत 2,747।50 रुपये है, जो पहले 2,738 रुपये थी। मुंबई में दाम 2,691।50 रुपये से बढ़कर 2,701 रुपये हो गया है। चेन्नई में कीमत 2,916।50 रुपये पहुंच गई है। यहां पहले 2,906 रुपये देने पड़ते थे।

हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस बढ़ोतरी का असर सीधे रेस्टोरेंट, ढाबे, होटल और कैटरिंग कारोबार पर पड़ सकता है। गैस का खर्च बढ़ने पर चाय, नाश्ता, खाना और शादी की कैटरिंग की कीमतों पर भी दबाव आ सकता है।

1 September Rule Changes

2. मुंबई में दूध 9 रुपये तक महंगा (Mumbai Milk Price Hike)

मुंबई में दूध की थोक कीमत में 9 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने 1 सितंबर से नई दर लागू की है। थोक दूध अब 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यह दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने वाली है।

तमिलनाडु में भी एविन्स दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। कीमत 41 से बढ़कर 44 रुपये हो गई है। दो हफ्ते से कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है। कुल मिलाकर खरीद मूल्य में 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़त हो चुकी है।

दूध महंगा होने का असर सिर्फ दूध तक नहीं रुकता। त्योहारों से पहले दही, पनीर और मिठाइयों की लागत भी बढ़ सकती है। वजह में हरा चारा, भूसा, खली, पशुओं की देखभाल और ट्रांसपोर्ट का बढ़ता खर्च बताया गया है।

3. ई-केवाईसी नहीं कराई तो LPG सब्सिडी पर असर (LPG e-KYC Update)

एलपीजी ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी भी अहम बदलाव है। इसकी तय समयसीमा 31 अगस्त 2026 थी। जिन ग्राहकों ने अब तक बायोमेट्रिक पहचान पूरी नहीं कराई है, उन्हें सब्सिडी मिलने में दिक्कत हो सकती है। गैस सिलेंडर की बुकिंग तुरंत बंद होगी या नहीं, यह संबंधित गैस कंपनी के नियमों पर निर्भर करेगा। इसलिए जिन लोगों की ई-केवाईसी बाकी है, उन्हें जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करना चाहिए।

4. विदेश जाने वालों के लिए इमिग्रेशन हुआ आसान (Airport Immigration New Rule)

विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 1 सितंबर से एक प्रक्रिया डिजिटल हुई है। अब इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री इमिग्रेशन के दौरान फोन में ई-बोर्डिंग पास दिखा सकते हैं। हालांकि पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जांच से जुड़े बाकी नियम पहले की तरह लागू रहेंगे। इस बदलाव से एयरपोर्ट पर समय बच सकता है। इमिग्रेशन काउंटर पर प्रक्रिया भी ज्यादा आसान हो सकती है।

5. टाटा और हुंडई की कारें भी महंगी (Tata Hyundai Car Price Hike)

अगर आप सितंबर में नई कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो बजट दोबारा देखना होगा। टाटा मोटर्स ने अपनी गाड़ियों के मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। दूसरी तरफ हुंडई मोटर इंडिया ने कीमतों में 1 फीसदी तक इजाफा किया है। कंपनियों ने कच्चे माल की लागत, ऑपरेशनल खर्च और महंगाई के दबाव को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है।

हालांकि हर कार पर एक जैसी बढ़ोतरी नहीं है। सही कीमत मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से तय होगी। इसलिए बुकिंग से पहले नई प्राइस लिस्ट जरूर देखना जरूरी है। यानी सितंबर की शुरुआत में एक साथ कई मोर्चों पर खर्च बढ़ा है। कमर्शियल गैस से कारोबारियों की लागत बढ़ी है। मुंबई में दूध महंगा हुआ है। ई-केवाईसी को लेकर एलपीजी ग्राहकों को सतर्क रहना होगा। विदेश जाने वालों के लिए प्रक्रिया आसान हुई है। वहीं नई कार खरीदने वालों का बजट भी बढ़ सकता है।