अयोध्या से लखनऊ जाने वाला NH-27 इन दिनों सफर से ज्यादा जोखिम भरा हो गया है। तीन दिन की तेज बारिश और चक्रवाती तूफान के एक सप्ताह बाद भी हाईवे की हालत नहीं सुधरी है।

.

दोनों लेन पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई गड्ढे सड़क के बीचों-बीच हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहन फंस रहे हैं और बाइक सवार संतुलन खोकर गिर रहे हैं। कई जगह वाहनों के टायर भी फट रहे हैं।

ये तस्वीर अयोध्या नए बस अड्‌डा के पास एनएच मार्ग पर गड्ढों की है।

ये तस्वीर अयोध्या नए बस अड्‌डा के पास एनएच मार्ग पर गड्ढों की है।

दोनों लेन पर 2 हजार से ज्यादा गड्ढे

दैनिक भास्कर की पड़ताल में अयोध्या से लखनऊ जाने वाली लेन पर 600 से ज्यादा गड्ढे मिले। वहीं, लखनऊ से अयोध्या आने वाली लेन पर इनकी संख्या 1,400 से ज्यादा है। यानी करीब 300 किमी के इस सफर में हाईवे पर 2 हजार से ज्यादा गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी बने हुए हैं।

बाराबंकी से अयोध्या के बीच कई हिस्सों में करीब हर 500 मीटर पर सड़क के बीच गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। इनमें कुछ छोटे हैं, लेकिन कई इतने गहरे हैं कि अचानक सामने आने पर वाहन चालक को संभलने का मौका नहीं मिलता।

रात में खतरा और बढ़ जाता है। अंधेरे में गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ड्राइवर अचानक ब्रेक लगाने या वाहन दूसरी ओर मोड़ने को मजबूर होते हैं। इससे पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। रुदौली के पास कई वाहनों के टायर फटे मिले।

सड़कों पर गड्ढे होने से लोगों को धीमी स्पीड में चलना पड़ रहा है।

सड़कों पर गड्ढे होने से लोगों को धीमी स्पीड में चलना पड़ रहा है।

नए बस अड्‌डे के पास एक फीट तक गहरे गड्ढे

अयोध्या के नए बस अड्‌डे के आगे करीब छह महीने पहले बने ओवरब्रिज से उतरते ही सड़क की हालत खराब है। यहां करीब पांच बड़े गड्ढे हैं, जिनकी गहराई करीब एक फीट तक है।

तेज रफ्तार से ओवरब्रिज से उतरने वाले वाहन सीधे इन गड्ढों में जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में यहां 12 से ज्यादा वाहनों के टायर फट चुके हैं।

टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर घूम जाते हैं। पीछे से आ रहे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

बाइक सवारों के लिए सबसे ज्यादा खतरा

हाईवे के गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए ज्यादा खतरनाक हैं। कार चालक किसी तरह वाहन निकाल लेते हैं, लेकिन बाइक सवारों को गड्ढे से बचने के लिए अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। कई जगह यही स्थिति हादसे की वजह बन रही है।

बारिश थमे कई दिन, फिर भी मरम्मत नहीं

बारिश थमे कई दिन हो चुके हैं, लेकिन हाईवे के गड्ढों की मरम्मत शुरू नहीं हुई है। सड़क पर पानी भरने के कारण कई गड्ढे और चौड़े हो गए हैं। राहगीरों का कहना है कि समय रहते पैचवर्क नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में सड़क की हालत और खराब हो सकती है।

NH-27 अयोध्या को लखनऊ समेत कई जिलों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस रास्ते से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क के गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी के साथ सुरक्षा का भी बड़ा खतरा बने हुए हैं।

NHI के अधिकारी नवरत्न ने बताया कि गड्ढों की मरम्मत जल्द कराई जाएगी।