छतरपुर के महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी (MCBU) में मंगलवार को NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कार्य परिषद की बैठक के दौरान प्रदर्शनकारी कुलगुरु के चैंबर तक पहुंच गए और 100 व 500 रुपए के नकली नोट फेंक

.

कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे थे। कार्य परिषद के सदस्य पीछे के गेट से कुलगुरु चैंबर की ओर जाने लगे तो प्रदर्शनकारियों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद वे भी वहां पहुंच गए और चैनल गेट खोलकर चैंबर में प्रवेश किया। यहां कुलगुरु की टेबल पर नकली नोट उछालकर नारेबाजी की गई।

कुलगुरु चैंबर में नकली नोट फेंके गए।

कुलगुरु चैंबर में नकली नोट फेंके गए।

सहायक प्राध्यापक भर्ती में गड़बड़ी का आरोप

यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष लोकेन्द्र वर्मा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यूजीसी के नियमों के मुताबिक भर्ती ऑनलाइन होनी चाहिए, जबकि इसे ऑफलाइन किया जा रहा है। वर्मा ने आरोप लगाया कि इससे हर भर्ती में 40 से 50 लाख रुपए के भ्रष्टाचार की गुंजाइश बन रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में 5-6 साल से पढ़ा रहे अतिथि विद्वानों को केवल 2 साल का अनुभव प्रमाण पत्र दिया जा रहा है।

ई-लाइब्रेरी और कॉपी खरीदी में अनियमितता के आरोप

प्रदर्शनकारियों ने ई-लाइब्रेरी और खरीदी व्यवस्था को लेकर भी आरोप लगाए। लोकेन्द्र वर्मा के मुताबिक, 2025 में खरीदे गए 60 कंप्यूटर खराब होने के बाद फरवरी 2026 में वापस करने पड़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के स्टॉक में पर्याप्त कॉपियां होने के बावजूद 1 से 1.5 करोड़ रुपए की कॉपियां खरीदने का बजट निकाला जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने इन मामलों की जांच और विश्वविद्यालय के पैसों का इस्तेमाल छात्रों की सुविधाओं पर करने की मांग की।

कुलगुरु चैंबर में घुसे कार्यकर्ता, आमरण अनशन की चेतावनी दी।

कुलगुरु चैंबर में घुसे कार्यकर्ता, आमरण अनशन की चेतावनी दी।

राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, आमरण अनशन की चेतावनी

NSUI कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम कुलगुरु को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यदि कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर हाईकोर्ट का रुख किया जाएगा।

प्रदर्शन में NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष राजवर्धन मिश्रा, जिला अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, अश्वनी मिश्रा, भरत सहित बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारतीय विद्यार्थी सेना ने भी सौंपा ज्ञापन

विश्वविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारतीय विद्यार्थी सेना ने भी प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष नीतेश तिवारी के नेतृत्व में संगठन ने कुलगुरु को ज्ञापन सौंपकर मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने, बिना आईडी कार्ड प्रवेश पर रोक लगाने और पूरे परिसर में CCTV कैमरे लगाने की मांग की।

छात्रों ने प्रत्येक कक्षा में फिल्टर पानी की व्यवस्था, कर्मशिला भवन की खराब लाइटें ठीक कराने और छात्राओं के लिए 2-3 नए बाथरूम बनवाने की मांग रखी। इसके अलावा शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द भर्ती कराने की मांग भी की गई, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।