Aug 18, 2026 04:53 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
यूजीसी-नेट के तीन पेपर में गड़बड़ियां पाए जाने के बाद सरकार एनटीए और सख्ती दिखा रही है। सरकार ने एनटीए से ऑडिट रिपोर्ट मांगी है।वहीं एनटीए ने अपने 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया है और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू करदी है।

एनटीए ने 50 से ज्यादा कर्मचारियों को हटाया, प्रोफेशनल्स की होगी भर्ती
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को सभी परीक्षा प्रक्रियाओं का गहन ऑडिट कराने और सुधारात्मक कदमों की रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सोमवार को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, एनटीए महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा की। मंत्री ने स्थापित परीक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गोपनीय संचालन (कॉनऑप्स) ढांचे, सुरक्षित कमरों, एयर-गैप्ड प्रणालियों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा कराने की प्रक्रियाओं में व्यापक बदलाव युद्धस्तर पर लागू करने को कहा।
यूजीसी-नेट के तीन प्रश्नपत्रों में गड़बड़ियों के बाद एनटीए ने आंतरिक प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल की समीक्षा शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार,भविष्य में परीक्षाएं निष्पक्ष और त्रुटिरहित कराने के साथ जवाबदेही भी तय की जाएगी। एनटीए ने हाल की गड़बड़ियों को स्वीकार करते हुए सुधारात्मक कदम उठाने की जिम्मेदारी ली है।
एनटीए ने 50 से अधिक कर्मचारियों को हटाया
एनटीए ने परीक्षा व्यवस्था में सुधार के तहत 50 से अधिक कर्मचारियों को हटा दिया है। साथ ही 10 प्रमुख पदों पर पेशेवरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी, मुख्य वित्त अधिकारी, मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी और परीक्षा सुरक्षा समेत 10 पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए हैं। यह कदम यूजीसी-नेट के तीन विषयों में त्रुटियों के बाद पुनर्परीक्षा के फैसले के बीच उठाया गया है।
नेट पास उम्मीदवारों में कटौती नहीं होगी: एनटीए
यूजीसी नेट के तीन पेपरों (अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र) में दोबारा परीक्षा के लिए क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या और विषयवार आवंटन में कोई कटौती नहीं की जाएगी। सोमवार को एनटीए ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा यह री-टेस्ट बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, ये सुधार उम्मीदवारों के व्यापक हित में और एक अधिक जवाबदेह परीक्षा प्रणाली की नींव को मजबूत करने के लिए किए जा रहे हैं। एजेंसी इस घटनाक्रम का उपयोग प्रश्नपत्र तैयार करने के विभिन्न चरणों में प्रक्रियाओं को मजबूत करने के लिए कर रही है, जिसमें पेपर सेट करना, अनुवाद और कंपोज़िंग शामिल है। सूत्रों ने कहा कि यह उन चूकों के लिए जिम्मेदारी तय करने के तरीकों की भी जांच कर रही है, जो घटित हुईं।
एनटीए कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन
यूजीसी नेट परीक्षा में गड़बड़ियों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर एनएसयूआई ने सोमवार को दिल्ली स्थित एनटीए कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता शामिल हुए।
