ODI World Cup 2027: वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए चुनी गई खास तारीख, महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देगी ICC!

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए खास तारीख. (फोटो- GETTY)

ODI World Cup 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. इस बार ये टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. शुरुआती योजना के मुताबिक, आईसीसी इस टूर्नामेंट को 8 अक्टूबर से शुरू करने वाली थी, वहीं 1 से 7 अक्टूबर के बीच प्रैक्टिस मैच खेले जाने थे. लेकिन अब आईसीसी एक खास प्लान बना रही है, जिसके तहत टूर्नामेंट की शुरुआत पहले ही हो सकती है.

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए खास तारीख

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन शुरू हो सकता है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल शांति और अहिंसा के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन और उनके साउथ अफ्रीका से जुड़े 21 वर्षों के ऐतिहासिक रिश्ते को सम्मान देने के उद्देश्य से इस महाकुंभ का आगाज 2 अक्टूबर से करने पर विचार कर रही है. वहीं, टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेले जाने की उम्मीद है. ऐसे में 14 टीमों के बीच खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट लगभग 50 दिनों तक चलेगा.

10 टीमें कर चुकी हैं क्वालिफाई

मेजबान साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के अलावा भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान पहले ही टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं. बाकी 4 स्थानों का फैसला अगले साल की शुरुआत में होने वाले 10 टीमों के क्वालिफायर राउंड से होगा, जिसमें वेस्टइंडीज, आयरलैंड और सह-मेजबान नामीबिया जैसी टीमें अपनी जगह पक्की करने उतरेंगी. इसके अलावा, इस बार वनडे वर्ल्ड कप नए फॉर्मेट में भी खेला जाएगा. हाल ही में आईसीसी ने 2027 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बदलाव करते हुए सुपर सीरीज स्टेज को शामिल किया है. इस नए नियम के मुताबिक, क्वालिफाई करने वाली 12वीं, 13वीं और 14वीं टीम को आपस में एक ट्राइ-सीरीज खेलनी होगी, जिसमें से सिर्फ एक ही टीम वर्ल्ड कप के मेन टूर्नामेंट में पहुंचेगी, जहां 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा.

3 देश और 12 ऐतिहासिक वेन्यू

आईसीसी ने इस टूर्नामेंट के लिए साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 शहरों को वेन्यू के रूप में चुना है. जिसमें साउथ अफ्रीका के सबसे ज्यादा 8 वेन्यू हैं. वहीं, जिम्बाब्वे के 3 और नामीबिया के 1 ग्राउंड को इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button