जींद के सिविल अस्पताल में नसबंदी का ऑपरेशन कराने आई एक महिला ने ऑपरेशन थियेटर (OT) में छेड़छाड़ का दावा किया है। OT में मौजूद अस्पताल के एक कर्मचारी पर ही छेड़छाड़ का आरोप लगा है।
.
महिला ने कर्मचारी को देखते ही शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही परिजन OT में घुस गए और वहां जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कर्मचारी ने महिला के प्राइवेट पार्ट गलत तरीके से छुए।
घटना की सूचना मिलते ही DC डॉ. वैशाली शर्मा मौके पर पहुंच गईं। इधर, चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉ. सुमन कोहली का कहना है कि मामले में जांच कमेटी बनाकर कर्मचारी को ड्यूटी से हटाकर दूसरी ब्रॉन्च में ट्रांसफर कर दिया है।

सिविल अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज।
नसबंदी का ऑपरेशन कराने आई महिला
- सोमवार को जींद सिविल अस्पताल में एक महिला नसबंदी का ऑपरेशन करवाने के लिए पहुंची थी। शाम करीब 5 बजे उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। आरोप है कि इसी दौरान ऑपरेशन थिएटर में तैनात एक कर्मचारी ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
- बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला के प्राइवेट पार्ट के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई और ऑपरेशन थिएटर में हंगामा शुरू हो गया।
- हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल के विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही सीएमओ डॉ. सुमन तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने पीड़िता और आरोपी से बात की।

मामले की जानकारी देतीं सीएमओ डॉ. सुमन कोहली।
डीसी मौके पर पहुंचीं, अधिकारियों से पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही डीसी डॉ. वैशाली शर्मा अस्पताल पहुंच गईं। डीसी सीधे ऑपरेशन थिएटर में गईं और वहां मौजूद अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन से भी जानकारी जुटाई।
डीसी के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले को लेकर उन्होंने कहा कि यह कॉन्फिडेंशियल है। फिलहाल इस बारे में कुछ भी कहना सही नहीं होगा।
थाना प्रभारी बोले- कोई शिकायत नहीं मिली
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशीष कुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्हें छेड़छाड़ जैसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। यदि मामले में कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।