Owl Ring Benefits Astrology: आजकल लोग अपनी पसंद और मान्यताओं के अनुसार अलग-अलग तरह की अंगूठियां पहनते हैं. कोई रत्नों वाली अंगूठी पहनता है तो कोई किसी खास प्रतीक या आकृति वाली अंगूठी को धारण करता है. ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में भी अलग-अलग धातुओं और प्रतीकों से जुड़ी अंगूठियों को खास महत्व दिया गया है. ऐसा माना जाता है कि इन्हें धारण करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सौभाग्य और समृद्धि का संचार हो सकता है.

इसी तरह उल्लू वाली अंगूठी भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर है. इसे सिर्फ फैशन एक्सेसरी के तौर पर ही नहीं, बल्कि कई धार्मिक मान्यताओं से जोड़कर भी देखा जाता है. हिंदू धर्म में उल्लू को माता लक्ष्मी का वाहन माना गया है, इसलिए इसे धन, ऐश्वर्य और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है. वहीं, पश्चिमी जगत में उल्लू को बुद्धिमत्ता और ज्ञान से जोड़कर देखा जाता है. आइए जानते हैं उल्लू वाली अंगूठी पहनने से क्या फायदे बताए जाते हैं और इसे पहनने के क्या नियम हैं.

उल्लू वाली अंगूठी पहनने के फायदे

माता लक्ष्मी का वाहन:- हिंदू धर्म में उल्लू को धन, ऐश्वर्य और सौभाग्य की देवी माता लक्ष्मी का वाहन (उलूक) माना गया है. इसे धन, समृद्धि, सतर्कता और विवेक का प्रतीक माना जाता है. माता लक्ष्मी का वाहन होने के कारण इसे अत्यंत शुभ और आर्थिक समृद्धि का संकेत माना जाता है.

बुद्धिमत्ता और ज्ञान:- उल्लू को बहुत समझदार जीव माना जाता है. उल्लू की अंगूठी पहनने से व्यक्ति को कठिन समय में सही फैसले लेने की प्रेरणा मिलती है.

नकारात्मकता से बचाव:- कई लोग इसे बुरी नजर और बुरी ऊर्जा से खुद को बचाने के लिए पहनते हैं.

दूरदर्शिता:- अंधेरे में भी साफ देखने की उल्लू की खूबी को जीवन में स्पष्टता और जागरूकता का प्रतीक माना जाता है.

सौभाग्य:- इसे स्टाइल के साथ-साथ अच्छे भाग्य और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है.

उल्लू वाली अंगूठी किस उंगली में पहननी चाहिए?

उल्लू वाली अंगूठी को आमतौर पर दाएं हाथ की अनामिका उंगली (रिंग फिंगर) या मध्यमा उंगली (बीच की उंगली) में पहनना सबसे शुभ माना जाता है. अनामिका उंगली में पहनने से धन, ऐश्वर्य और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है, जबकि मध्यमा उंगली में इसे पहनने से करियर में स्थिरता, अनुशासन और मानसिक एकाग्रता बढ़ने की बात कही जाती है.

किस धातु की उल्लू वाली अंगूठी पहननी चाहिए?

उल्लू वाली अंगूठी मुख्य रूप से चांदी धातु की पहनना सबसे अच्छा माना जाता है. चांदी को शीतलता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है, जो उल्लू के प्रतीकात्मक स्वभाव के साथ अच्छी तरह मेल खाता है. इसके अलावा इसे स्टेनलेस स्टील या पीतल में भी पहना जाता है.

उल्लू वाली अंगूठी किस दिन पहननी चाहिए?

उल्लू वाली अंगूठी को मुख्य रूप से शुक्रवार या गुरुवार के दिन पहनना शुभ माना जाता है, क्योंकि उल्लू को धन की देवी माता लक्ष्मी का वाहन माना गया है. इसे किसी भी शुभ दिन या माता लक्ष्मी के पूजन के दिन भी धारण करने की मान्यता है.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button