PAK Cricket Chaos: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है। सात खिलाड़ियों को बीच दौरे से वापस भेजने और अनुशासन को लेकर जांच शुरू होने के बाद कप्तान बाबर आजम ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि PCB के किसी भी फैसले में उनसे सलाह नहीं ली गई।
बाबर आजम का चौंकाने वाला खुलासा। (Image: X)
- Published: 08 Sep 2026, 08:04 PM IST
- Last Updated: 08 Sep 2026, 08:04 PM IST
PAK Cricket Chaos: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड दौरा लगातार मुश्किल होता जा रहा है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम पहले ही 0-2 से पिछड़ चुकी है। हेडिंग्ले में पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हार मिली, जबकि लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने 194 रन से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में बड़ा फेरबदल कर दिया।
PCB ने दौरे के बीच सात खिलाड़ियों को पाकिस्तान वापस भेज दिया। इसके अलावा कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ। सरफराज अहमद और उमर गुल की जगह माइक हेसन और एश्ले नॉफ्के को जिम्मेदारी दी गई। बोर्ड ने खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार से जुड़ी रिपोर्टों को लेकर आंतरिक जांच भी शुरू की है।
इन सबके बीच पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है कि 'उन्हें इन फैसलों की जानकारी पहले से नहीं थी'। एजबेस्टन टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे पूछा गया कि क्या खिलाड़ियों को वापस भेजने और टीम में बदलाव को लेकर उनसे सलाह ली गई थी, तो उन्होंने कहा- 'मुझसे सलाह नहीं ली गई। मुझे भी इन चीजों की जानकारी बाद में मिली। PCB ने ये फैसले लिए हैं, इसलिए वे आपको बेहतर बता सकते हैं'
अपने प्रदर्शन पर भी दिया जवाब
बाबर से उनके खराब प्रदर्शन को लेकर भी सवाल हुए। लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 8 और दूसरी पारी में 6 रन बनाए थे। हालांकि बाबर ने अपने बचाव में वेस्टइंडीज दौरे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां वह कप्तान के तौर पर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज में बाबर ने चार पारियों में 193 रन बनाए थे और 96.50 की औसत के साथ सीरीज के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। पाकिस्तान ने वह सीरीज 1-1 से ड्रॉ की थी।
PCB की अनुशासनात्मक जांच पर भी बाबर ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। अब पाकिस्तान के कप्तान के पास एजबेस्टन टेस्ट में बल्ले से जवाब देने का मौका है। टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी है और अब उसके सामने 3-0 की क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती है।