Aug 29, 2026 05:14 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

मुनीर का यह दौरा काफी अहम है। यह आशंका जताई जा रही है कि मुनीर पाकिस्तानी राजनीति में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए एक और जंग की प्लानिग कर रहे हैं और इसी वजह से वह हथियार कारखानों का दौरा कर रहे हैं।

asim munir and shehbaz sharif

आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ

ईरान-अमेरिका के बीच चल रही तनातनी और जंग की मध्यस्थता करने का दावा करने वाले पड़ोसी देश पाकिस्तान ने अब अपना प्लान बदल दिया है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर हुई अंतरराष्ट्रीय किरकिरी के बाद पाक सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अब नया प्लान बनाया है। आशंका जताई जा रही है कि मुनीर नया जंगी प्लान बनाने में जुटे हैं, तभी तो वह अचानक हथियार बनाने वाले कारखानों का जायजा लेने जा पहुंचे हैं। दरअसल, आसिम मुनीर ने हाल ही में वाह स्थित पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्रीज (POF) का दौरा किया, जहां उन्होंने हथियारों के उत्पादन, उसकी निर्यात क्षमता और हथियारों के विकास से जुड़ी क्षमताओं का जायजा लिया है।

बड़ी बात यह है कि आसिम मुनीर का यह दौरा उन्हीं के आक्रामक सैन्य बयानों के बीच हुआ है, जिसने कई चिंताएं पैदा की हैं। खुफिया विभाग के बड़े सूत्रों के हवाले से CNN-News18 की रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने पाकिस्तान और विदेशों में कई मंचों से भारत को धमकियां दी हैं। इसलिए मुनीर का यह दौरा काफी अहम है। यह आशंका जताई जा रही है कि मुनीर पाकिस्तानी राजनीति में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए एक और जंग की प्लानिग कर रहे हैं और इसी वजह से वह हथियार कारखानों का दौरा कर रहे हैं और हथियारों के उत्पादन और भंडार की समीक्षा कर रहे हैं।

मुनीर का POF दौरा क्यों?

रिपोर्ट में कहा गया है कि POF दौरे के दौरान आसिम मुनीर को POF की मौजूदा उत्पादन क्षमता, आयुध कारखाने के आधुनिकीकरण की कोशिशों और रक्षा निर्यात बढ़ाने की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने स्थानीय स्तर पर डिजाइन किए गए हथियारों और गोला-बारूद के टेस्ट भी देखे, क्योंकि पाकिस्तान स्वदेशी प्रोडक्शन बढ़ाना चाहता है और आयातित डिफेंस इक्विपमेंट पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है।

आत्मनिर्भर पाकिस्तान का सपना

रिपोर्ट में कहा गया है कि आसिम मुनीर को इस दौरान DIPRA ऑर्डिनेंस के तहत कॉर्पोरेटाइजेशन की प्रगति और पाकिस्तान के डिफेंस-इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम को फिर से व्यवस्थित और मजबूत करने की कोशिशों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस कॉम्प्लेक्स में बन रहे दो नए इंडस्ट्रियल प्लांट में साल के आखिर तक प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है। बता दें कि मुनीर ने स्वदेशी रक्षा उत्पादन, तकनीकी नवाचार और देश के घरेलू सैन्य निर्माण क्षमताओं को मजबूत करने के लिए पाकिस्तान सेना की प्रतिबद्धता को दोहराया है।

भारत के खिलाफ मुनीर की लगातार धमकियां

खुफिया विभाग के बड़े सूत्रों ने बताया कि मुनीर ने पाकिस्तान और विदेशों में सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार भारत के खिलाफ सीधी सैन्य धमकियां दी हैं। सूत्रों ने अमेरिका में पाकिस्तानी समुदाय के समूहों को दिए गए उनके पिछले भाषणों का जिक्र किया, जिनमें परमाणु हमले की गंभीर धमकियां और अस्तित्व के संकट की स्थिति में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया का जिक्र शामिल था। सूत्रों ने बताया कि मुनीर ने पहले भी भारत के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर और जलमार्गों को लेकर खास धमकियां दी हैं।

भारत के खिलाफ तनाव बढ़ाने की रणनीति

खुफिया आकलन के मुताबिक, ऐसे बयान एक बड़े पैटर्न का हिस्सा हैं, जिसमें मुनीर ने सार्वजनिक रूप से भारत के खिलाफ तनाव बढ़ाने की पाकिस्तान की इच्छा और क्षमता को दिखाने की कोशिश की है। इसी कड़ी में POF का दौरा सैन्य तैयारी के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि POF वाह जैसे डिफेंस संस्थानों के मुनीर के दौरों को भी उस व्यापक संदेश के संदर्भ में देखा जाना चाहिए। सूत्रों ने कहा कि इस संदेश का मकसद घरेलू जनता को पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं और स्थानीय डिफेंस प्रोडक्शन को मजबूत करने की कोशिशों के बारे में भरोसा दिलाना भी है।