PAK vs WI टेस्ट में बड़ा हादसा, बाबर आजम को आउट करने वाला खिलाड़ी स्ट्रैचर पर गया बाहर, लगी गंभीर चोट

ब्रैंडन किंग गंभीर रूप से चोटिल. (फोटो- X/GETTY)

Brandon King, PAK vs WI: पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन एक बड़ा हादसा देखने को मिला. विंडीज के ओपनर ब्रैंडन किंग ने फील्डिंग में कमाल का प्रदर्शन किया और हवा में छलांग लगाते हुए अपने थ्रो से पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को शतक पूरा करने से रोक दिया. हालांकि, वेस्टइंडीज के लिए यह जादुई पल जल्द ही बड़ी चिंता का कारण बन गया, क्योंकि इस रन आउट के दौरान ब्रैंडन किंग गंभीर रूप से चोटिल हो गए.

हवा में उड़कर किया रन आउट, फिर मैदान पर तड़पे

यह घटना तीसरे दिन के पहले सेशन के 75वें ओवर के दौरान घटी. स्पिनर जोमेल वॉरिकन की गेंद पर बाबर आजम ने ऑफ साइड की तरफ शॉट खेलकर तेजी से 1 रन चुराने की कोशिश की. दूसरे छोर पर मौजूद अब्दुल्ला शफीक ने तो उन्हें वापस भेज दिया, लेकिन कवर में मुस्तैद ब्रैंडन किंग ने हवा में छलांग लगाते हुए गेंद को पकड़ा और सीधे स्टंप्स बिखेर दिए. डायरेक्ट हिट लगते ही बाबर आजम रन आउट हो गए, लेकिन इस कोशिश में गिरते समय ब्रैंडन किंग की पीठ के निचले हिस्सेमें गंभीर चोट लग गई.

ब्रैंडन किंग काफी देर तक मैदान पर दर्द से कराहते हुए पड़े रहे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल टीम को उन्हें स्ट्रैचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा. क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अभी तक ब्रैंडन किंग की चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, टीम मैनजमेंट उनकी चोट को लेकर काफी सतर्क रहेगा क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान भी वह साइड स्ट्रेन की समस्या से जूझ चुके हैं.

वेस्टइंडीज के लिए काफी अहम मैच

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से यह मैच वेस्टइंडीज के लिए काफी अहम है. ऐसे में ब्रैंडन किंग की बल्लेबाजी टीम के लिए काफी मायने रखती है. इसके अलावा, शानदार फॉर्म में चल रहे आलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स भी ग्रोइन की चोट के कारण पहले ही मैदान से बाहर हैं. ऐसे में किंग का चोटिल होना वेस्टइंडीज के लिए बड़ा झटका है. हालांकि, वो इस सीरीज में 1-0 से आगे चल रही.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button