Pakistan vs Sri Lanka: पाकिस्तान को श्रीलंका ने रौंदा, सिर्फ 18.1 ओवर में हराया वनडे मैच

श्रीलंका की बड़ी जीत (फोटो-GETTY IMAGES)

पाकिस्तान को लाहौर के गद्दाफी में खेले गए ट्राई सीरीज के मैच में करारी हार झेलनी पड़ी. इस वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25.3 ओवर में महज 110 रन ही बनाए. पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 29 रन बाबर आजम ने बनाए. दूसरा कोई बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं पाया. फखर जमान 5, माज सदाकत 8 रन ही बना सके. साद बेग 5 और सलमान आगा 9 रन बना पाए. पिछले मैच के शतकवीर शादाब खान 2 रन बनाकर आउट हो गए. नतीजा पाकिस्तान की टीम 153 गेंदों में ही ढेर हो गई. जवाब में श्रीलंका की टीम ने कमाल की बैटिंग करते हुए छोटे से स्कोर को तूफानी अंदाज में हासिल कर लिया. श्रीलंका की टीम 18.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंच गई.

मधुशंका ने दिलाई जीत

श्रीलंका के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दिलशान मधुशंका ने पाकिस्तान की बैटिंग यूनिट की कमर तोड़ दी. मधुशंका ने 8.3 ओवर में 34 रन देकर 5 विकेट उड़ाए. सहान अराचिगे ने 2 विकेट हासिल किए. असिता फर्नाण्डो, एहसान मलिंगा और दुनिथ वेलालागे ने 1-1 विकेट हासिल किया. इसके बाद बल्लेबाजी में कामिंडु मेंडिस ने शानदार अर्धशतक लगाया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 60 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए. पवन रत्नायके ने नाबाद 23 रनों का योगदान दिया.

श्रीलंका की टीम की फाइनल में एंट्री

श्रीलंका की टीम ने इस जीत के साथ ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली. वहीं इंग्लैंड की टीम ट्राई सीरीज से बाहर हो गई. श्रीलंका ने 3 में से 2 मैच जीत लिए हैं. जबकि इंग्लैंड की टीम एक भी मैच नहीं जीती है. अब श्रीलंका और पाकिस्तान का वनडे मैच औपचारिक हो गया है. वहीं फाइनल में शनिवार को पाकिस्तान और श्रीलंका की फिर टक्कर होगी. ये खिताबी मुकाबला भी लाहौर में ही खेला जाएगा.

लाहौर में पाकिस्तान को श्रीलंका से डर लगता है

आपको बता दें पाकिस्तान के वनडे में चार सबसे छोटे स्कोर में से तीन इसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ आए हैं. साल 2009 के बाद पहली बार पाकिस्तान की टीम श्रीलंका के खिलाफ इतने कम स्कोर पर ढेर हुई है. अब वो खिताबी जंग में कैसा प्रदर्शन करेगी, ये देखना दिलचस्प रहेगा.

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button