
पराशर जोशी को मिली बड़ी जिम्मेदारी. (फोटो- instagram/screenshot/jiohotstar)
Umpire Parashar Joshi: क्रिकेट और संगीत दो ऐसे फील्ड हैं जिनमें कदम रखने वाले लाखों युवाओं में से बहुत कम लोग अपनी अलग पहचान बना पाते हैं. लेकिन पुणे के रहने वाले पराशर जोशी की कहानी इन दोनों दुनिया के संगम की एक अनोखी मिसाल है. जो शख्स कभी मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल के मंच पर अपनी गायकी का लोहा मनवा रहा था, वही आज क्रिकेट के मैदान पर अपनी पैनी निगाहों से अहम फैसले सुनाने के लिए जाना जाता है. अब वो बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के खास अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत ऑस्ट्रेलिया की घरेलू धरती पर अंपायरिंग करने जा रहे हैं.
पराशर जोशी को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन के दौरान बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अंपायरों के एक्सचेंज की नई शुरुआत की है. इसके तहत जहां ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबलों में अंपायरिंग कर रहे हैं, वहीं भारत की ओर से अनुभवी अंपायर पराशर जोशी को ऑस्ट्रेलिया भेजा जा रहा है. पराशर जोशी का अंपायरिंग तक का सफर काफी दिलचस्प रहा है. पुणे से ताल्लुक रखने वाले पराशर को संगीत का गहरा शौक था. उन्होंने गायकी में पहचान बनाने के लिए लगातार कोशिश की, लेकिन शुरुआती तीन सालों तक उन्हें ऑडिशन में सिर्फ रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. अपनी असफलताओं से हार न मानते हुए उन्होंने चौथे साल फिर कोशिश की और 2008 में ‘इंडियन आइडल सीजन 4’ के पियानो राउंड तक अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे. हालांकि, इसके बाद वो शो से बाहर हो गए.
संगीत के साथ-साथ उनका जुड़ाव खेल से भी गहरा था. वो क्लब लेवल पर क्रिकेट खेला करते थे, लेकिन बाद में उन्होंने खेल के नियमों में महारत हासिल कर अंपायरिंग में करियर बनाने का फैसला किया. क्रिकेट अंपायरिंग में कदम रखने के बाद पराशर ने तेजी से सीढ़ियां चढ़ीं. साल 2015 में बीसीसीआई ने उन्हें अपने आधिकारिक अंपायर पैनल में शामिल किया. वो रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट्स के 19 फर्स्ट क्लास मैच, विजय हजारे और देवधर ट्रॉफी के 32 लिस्ट-ए मैचों और 40 टी20 मुकाबलों में मैदानी अंपायरिंग कर चुके हैं. इसके अलावा उनके अनुभव में दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और महिला प्रीमियर लीग के मुकाबले भी शामिल हैं.
शेफील्ड शील्ड और वनडे कप में संभालेंगे कमान
इस इंटरनेशनल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत ऑस्ट्रेलिया में पराशर जोशी को काफी व्यस्त और कड़े मैचों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वो 11 से 14 नवंबर तक ब्रिस्बेन के मैदान पर क्वींसलैंड और तस्मानिया के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड के चार दिवसीय मैच में अंपायरिंग करेंगे. 16 नवंबर को उसी मैदान पर आयोजित होने वाले ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वनडे कप मुकाबले में मैदानी अंपायर होंगे. फिर 22 से 25 नवंबर तक ऐतिहासिक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच में अंपायरिंग की कमान संभालेंगे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More