पटना: जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक सोमवार सुबह आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर राजधानी पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत कई प्रमुख सड़कों पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि कुछ महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रूट से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार यह विशेष व्यवस्था सोमवार सुबह 7 बजे से तिरंगा यात्रा की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, इस दौरान इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंधों से छूट दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करें।
डाकबंगला से जेपी गोलंबर तक सामान्य वाहनों की नो-एंट्री
तिरंगा यात्रा के मद्देनजर डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलंबर तक का मार्ग विशेष रूप से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कारकेड के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान सामान्य वाहनों को इस रास्ते पर जाने की अनुमति नहीं होगी।इसके अलावा चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की ओर जाने वाले मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने इस रूट पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था निर्धारित की है।
मालवाहक वाहनों के लिए भी लागू रहेगा प्रतिबंध
तिरंगा यात्रा के दौरान मीठापुर से बुद्ध मार्ग और आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की ओर मालवाहक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की दिशा में भी मालवाहक वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।यात्रा के दौरान व्यावसायिक वाहनों के लिए भी कुछ मार्गों पर प्रवेश बंद रहेगा। एक्जीविशन रोड से उत्तर की ओर गांधी मैदान और गोरियाटोली से गांधी मैदान की तरफ व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले ऑटो का बदला रूट
पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर जाने वाले ऑटो को भी निर्धारित डायवर्जन रूट से गुजरना होगा। ये ऑटो डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य मोड़ और एक्जीविशन रोड होते हुए आगे जाएंगे। इसके बाद सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन लौटेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य तिरंगा यात्रा के मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक दबाव को कम करना और आम लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखना है।
नगर बसों और पटना सिटी के ऑटो के लिए भी डायवर्जन
इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। बसें गांधी चौराहा, मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन पहुंचेंगी। वापसी में भी बसें इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगी। वहीं, पटना सिटी की तरफ से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट और बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक आएंगे। वापसी के दौरान खजांची रोड से अशोक राजपथ होते हुए गायघाट की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी।
तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के लिए गांधी मैदान में पार्किंग
तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए गांधी मैदान में व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों के प्रवेश के लिए गेट नंबर 1 और गेट नंबर 13 निर्धारित किए गए हैं। वहीं गेट नंबर 12 मुख्यमंत्री के प्रवेश के लिए आरक्षित रहेगा।यात्रा के दौरान वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की ओर जा सकेंगे।इसके अलावा आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे स्थित गोलंबर से गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को आने की अनुमति होगी।
पटना यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोमवार सुबह घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखें। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।