Aug 20, 2026 04:29 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा की पूरी तरह से मालिकाना हक वाली रेसिलिएंट एसेट मैनेजमेंट ने कंपनी के 1.92 करोड़ शेयर बेच दिए हैं
- पेटीएम के शेयर को लेकर पहली बार 2200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया गया है

पेटीएम को लेकर बड़ा अपडेट
पेटीएम की पैरेंट कंपनी One 97 कम्युनिकेशंस के शेयरों में गुरुवार को एक बार फिर से तेजी देखने को मिली। शेयर में अचानक डिमांड की वजह कंपनी की ओर से दी गई एक अहम जानकारी है। दरअसल, पेटीएम के फाउंडर और CEO विजय शेखर शर्मा की पूरी तरह से मालिकाना हक वाली कंपनी 'रेसिलिएंट एसेट मैनेजमेंट' ने कंपनी के 1.92 करोड़ शेयर बेच दिए हैं। यह बिक्री ब्लॉक ट्रांजैक्शन के जरिए की गई है।
कपंनी ने 3% हिस्सेदारी बेची
पेटीएम की ओर से 20 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया कि विजय शेखर शर्मा की कंपनी रेसिलिएंट एसेट मैनेजमेंट ने 18 अगस्त को पेटीएम के 1,92,10,110 शेयर यानी 3% हिस्सेदारी बेची। शेयर बेचने के बाद रेसिलिएंट के पास पेटीएम में 4,61,24,991 शेयर यानी 7.20% हिस्सेदारी बची। बता दें कि प्रमोटर विजय शेखर शर्मा के पास अभी भी 5,78,45,053 शेयर यानी 9.02% हिस्सेदारी है जबकि उनकी पत्नी मृदुला शर्मा के पास कंपनी में 7,00,000 शेयर यानी 0.11% हिस्सेदारी है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पेटीएम के मुनाफे में लगातार सुधार हो रहा है। वन97 कम्युनिकेशंस ने वित्त वर्ष 2025-26 में 552 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इस दौरान उसका राजस्व 22 प्रतिशत बढ़कर 8,437 करोड़ रुपये हो गया। 2021 में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी पहली बार किसी वित्त वर्ष में मुनाफे में रही थी।
पेटीएम ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उपभोक्ता यूपीआई ग्रॉस ट्रांजैक्शन वैल्यू (जीटीवी) में सालाना आधार पर 45 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की, जो बढ़कर 5.9 लाख करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के अनुसार, यह वृद्धि दर पूरे यूपीआई उद्योग की वृद्धि दर से करीब 2.2 गुना अधिक है। इस दौरान मासिक लेनदेन करने वाले उपयोगकर्ताओं (एमटीयू) की संख्या 60 लाख बढ़कर आठ करोड़ हो गई।
पेटीएम के शेयर का हाल
पेटीएम के शेयर इस साल 30 मार्च को ₹947.10 के 52-हफ़्ते के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद 14 अगस्त को ₹1656 के 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। पिछले 1 साल में स्टॉक में 29% की बढ़त हुई है जबकि पिछले 2 सालों में इसने 181% का रिकवरी देखा है। बता दें कि ब्रोकरेज फर्म Bernstein ने पेटीएम शेयर का टारगेट प्राइस ₹2,200 दिया है। यह पहली बार है जब किसी ब्रोकरेज ने पेटीएम शेयर के टारगेट प्राइस को इसके आईपीओ इश्यू से ज्यादा रखा है। बता दें कि पेटीएम के आईपीओ में प्राइस बैंड 2150 रुपये था। पेटीएम के शेयर ने आज तक इस स्तर को टच नहीं किया है।
