
मोहम्मद रिजवान को मिली बड़ी राहत. (फोटो- PTI)
Mohammad Rizwan: पाकिस्तान के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को घरेलू क्रिकेट में लौटने की इजाजत मिल गई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के डोमेस्टिक क्रिकेट डायरेक्टर से आधिकारिक क्लीयरेंस मिलने के बाद 34 साल के रिजवान घरेलू टूर्नामेंट प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 के आखिरी राउंड में सुई नॉर्दर्न गैस पाइपलाइंस लिमिटेड (SNGPL) की कप्तानी संभालेंगे. SNGPL के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और पूर्व पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद हफीज ने इस बात की पुष्टि की है कि रिजवान 19 अक्टूबर से खान रिसर्च लैबोरेटरीज के खिलाफ शुरू हो रहे मुकाबले में खेलते हुए नजर आएंगे.
फिक्सिंग की जांच के चलते लगा था ब्रेक
आठ टीमों वाले इस फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में रिजवान को अभी तक खेलने की इजाजत नहीं थी. फिक्सिंग से जुड़ी एक चल रही जांच के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें खेलने से रोका हुआ था. दरअसल, इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम से बीच सीरीज में हटाए जाने के बाद रिजवान ने शान मसूद की गैरमौजूदगी में SNGPL की कमान संभालने के लिए टीम जॉइन की थी. उन्होंने टीम के ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया था और मीटिंग भी अटेंड की थी, लेकिन तभी पीसीबी ने विभाग से संपर्क कर चल रही जांच का हवाला देते हुए उन्हें तुरंत वापस भेजने का आदेश दिया था.
बोर्ड के आदेश पर रिजवान को कैंप छोड़कर लाहौर लौटना पड़ा था. सूत्रों के मुताबिक, SNGPL उन पर फिटनेस टेस्ट कराने की तैयारी में था, जबकि इंग्लैंड से लौटे बाकी खिलाड़ियों को ऐसे किसी टेस्ट से नहीं गुजरना पड़ा था. अब तमाम रुकावटों के बाद उन्हें मैदान पर उतरने की मंजूरी दे दी गई है.
नेपाल प्रीमियर लीग के लिए मांगी NOC
घरेलू क्रिकेट में वापसी के बीच रिजवान के विदेशी लीग में खेलने से जुड़ा पहलू भी सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजवान ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में खेलने के लिए बोर्ड से संपर्क नहीं किया था, बल्कि उन्होंने नेपाल प्रीमियर लीग (NPL) में खेलने के लिए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) की मांग की थी. रिजवान ने नेपाल लीग की एक फ्रेंचाइजी के साथ करार पक्का कर लिया है और वो एनओसी के लिए बोर्ड की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं. माना जा रहा है कि पीसीबी पाकिस्तान में घरेलू टूर्नामेंट चालू रहने तक विदेशी लीगों के लिए एनओसी देने से बचता है, ऐसे में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी खत्म होने के बाद रिजवान को नेपाल लीग के लिए क्लीयरेंस दी जा सकती है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More