Published: Wednesday, July 29, 2026, 16:35 [IST]
Pappu Yadav Demands Action on Kangana Ranaut: BJP सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के नई पीढ़ी की महिलाओं और Gen Z को लेकर दिए बयान पर विवाद बढ़ गया है। कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसी महिलाओं पर निशाना साधा, जो आजादी के नाम पर नशा, शराब और कई पुरुषों के साथ रिश्तों को आधुनिकता मानती हैं। उन्होंने ऐसी सोच रखने वाली नई पीढ़ी को 'गटर जेनरेशन' तक कह दिया। कंगना के बयान पर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कंगना पहले भी Gen Z के प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर हुए CJP आंदोलन को लेकर अपने बयानों के कारण चर्चा में रही हैं। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि कुछ युवा महिलाएं स्वतंत्र और करियर बनाने वाली महिलाओं की जिंदगी की नकल करना चाहती हैं, लेकिन आजादी के साथ आने वाली जिम्मेदारियां नहीं उठाना चाहतीं। उन्होंने कहा कि असली स्वतंत्र महिलाएं अपने फैसले खुद लेती हैं, खुलकर अपनी राय रखती हैं और अपने फैसलों की जिम्मेदारी भी खुद उठाती हैं।
कंगना ने आगे कहा कि पश्चिमी सोच से प्रभावित भारतीय महिलाओं की एक नई पीढ़ी सामने आई है। उन्होंने इसे 'गटर जेनरेशन' बताते हुए कहा कि ऐसी कुछ महिलाओं के पास समाज को देने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने यह भी लिखा कि आजादी बिना जिम्मेदारी के नहीं मिलती और इसे पाने के लिए अपने फैसलों की कीमत खुद चुकानी पड़ती है।
ये भी पढ़ें: 'Gen Z गटर, सौरव दास बेकार-बेरोजगार', CJP के Spokesperson पर क्यों बौखलाईं BJP सांसद कंगना रनौत? मचा हंगामा
पप्पू यादव ने की कार्रवाई की मांग
कंगना के बयान पर सांसद पप्पू यादव ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कंगना को सदन से बाहर किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी होनी चाहिए। पप्पू यादव ने सवाल उठाया कि एक तरफ प्रधानमंत्री Gen Z को अपना दोस्त बताते हैं, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी की ही एक सांसद उन्हें 'गटर जेनरेशन' और 'गद्दार' कह रही हैं।
Gen Z के प्रदर्शन पर भी साधा था निशाना
कंगना इससे पहले Gen Z के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने प्रदर्शन के वीडियो देखने के बाद प्रदर्शनकारियों के बोलने के तरीके और भाषा पर सवाल उठाए थे। कंगना ने यह भी पूछा था कि आखिर इन युवाओं की परवरिश कैसे हुई है।
CJP प्रदर्शन को बताया था 'हुड़दंग'
जंतर-मंतर पर चले CJP प्रदर्शन को लेकर भी कंगना ने आंदोलनकारियों पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि किसी व्यक्ति को पद से हटाने या बनाए रखने के लिए सरकार पर सड़क पर दबाव बनाना सही तरीका नहीं है। उनके मुताबिक, सार्वजनिक मुद्दों पर बहस के लिए संसद सही जगह है। कंगना ने CJP आंदोलन को 'हुड़दंग' बताते हुए कहा था कि जंतर-मंतर पर जिस तरह प्रदर्शन किया जा रहा है और माहौल बनाया जा रहा है, वह ठीक नहीं है।
ये भी पढ़ें: 'PM Modi मुझे शिक्षा मंत्री बना दें, मेरी फिल्म देखने पर एक्स्ट्रा नंबर', BJP सांसद कंगना रनौत ने क्या कहा?