2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इजरायली PM ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए भारतीय पायलट की तारीफ की।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने विमान क्रैश रोकने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की है। नेतन्याहू ने X पर पोस्ट में लिखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मछार ने हमलावर का सामना किया। वह सच्चे हीरो हैं।
इजरायली PM ने कहा- कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिससे यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू कर लिया। कैप्टन की वजह से 174 लोगों की जान बची। इनमें इजरायली नागरिकों के साथ दूसरे देशों के लोग भी शामिल थे।
दरअसल, बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान भारतीय पायलट स्मित पर उनके को-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया। फिर विमान का कंट्रोल हाथ में लेकर इसे क्रैश कराने की कोशिश की। लेकिन, पायलट स्मित ने हार नहीं मानी और संघर्ष करते हुए साजिश को नाकाम कर दिया।

पहली तस्वीर नेतन्याहू के पोस्ट की है, जिसमें उन्होंने कैप्टन स्मित के जल्द ठीक होने की कामना की। दूसरी तस्वीर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित की है।
ट्रम्प बोले- प्लंबर ने भी बचाई लोगों की जान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी भारतीय पायलट स्मित मछार की तारीफ की। उन्होंने कहा- घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए आवाज लगाई। इके बाद एक यात्री भी कॉकपिट में पहुंचा।
ट्रम्प के मुताबिक, वह पेशे से प्लंबर था और उसने कभी विमान नहीं उड़ाया था। यात्री ने को-पायलट को सीट से खींचकर पीछे किया। इसके बाद दूसरे यात्रियों ने मिलकर उसे काबू किया। ट्रम्प ने बताया कि इस यात्री ने टीवी शो ‘एयर डिजास्टर्स’ देखकर विमान उड़ाने की कुछ बातें सीखी थीं।
हालांकि, ट्रम्प ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नेतन्याहू और कुछ अन्य सूत्रों से मिली है। उन्होंने कहा कि वह इन बातों की खुद पुष्टि नहीं कर सकते।
चाकूबाजी से पहले दोनों पायलटों में हाथापाई हुई थी
फ्लाईदुबई की फ्लाइट में यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। ज्यादातर इजराइली पैसेंजर्स थे। रिपोर्टों के मुताबिक, हमले से पहले दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हुई थी।
इसके बाद को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला किया। इस दौरान विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई से अचानक 17 हजार फीट नीचे आ गया। एक यात्री और क्रू मेंबर किसी तरह कॉकपिट तक पहुंचने में कामयाब हुए। इसके बाद दूसरे क्रू मेंबर भी कॉकपिट में पहुंचे और विमान की सुरक्षित सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि यात्री और क्रू मेंबर फ्लायदुबई के कॉकपिट में कैसे घुसे, क्योंकि कॉकपिट के दरवाजे जबरन खोलने की कोशिशों को रोकने के लिए मजबूत बनाए जाते हैं। आमतौर पर उड़ान के दौरान कॉकपिट का दरवाजा सुरक्षा कारणों से लॉक रहता है। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह विमान सुरक्षा का नियम बन गया।

वीडियो में घायल कैप्टन स्मित ऑक्सीजन मास्क पहने नजर आ रहे हैं। एक यात्री के सिर पर भी चोट आई।
दोनों पायलट घायल, कैप्टन स्मित की हालत स्थिर
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पायलट घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। कैप्टन स्मित की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में विमान तेजी से हिलता दिखा। वहीं दूसरे वीडियो में हमलावर पर काबू पाने के बाद विमान में बैठे पैसेंजर्स ताली बजाकर खुशी मनाते दिखे।
इजराइली अधिकारियों ने बताया कि जिस साथी पायलट ने स्मित पर हमला किया, वह ओमान का नागरिक था। इजराइल के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पायलट की हिम्मत ने बड़ी घटना टाल दी। वरना 2001 में हुए अमेरिका के 9/11 जैसी घटना हो सकती थी।
इजराइली डेंटिस्ट ने कैप्टन स्मित की मदद की
विमान में सवार यात्रियों को कुछ देर के लिए लगा कि वे जिंदा नहीं बचेंगे। एक यात्री ने AFP को बताया कि, “सभी को लगा कि अब हम मरने वाले हैं।” विमान में मौजूद कुछ लोगों ने भी सूझबूझ दिखाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
विमान में सिविल ड्रेस में 2 रिलीफ पायलट मौजूद थे जिन्होंने बाद में प्लेन को संभाला। जबकि यात्रियों ने हमलावर को कॉकपिट से दूर करने में मदद की। वहीं कैप्टन स्मित की मदद विमान में मौजूद एक डेंटिस्ट ने की। उन्होंने घायल पायलट का विमान में ही इलाज किया और उनकी जान बचाई।

दावों के मुताबिक जिस व्यक्ति के कपड़ों पर खून दिखाई दे रहा है उसने क्रू मेंबर की मदद से हमलावर पर काबू पाया।
स्पाइसजेट में 11 साल पायलट रह चुके हैं कैप्टन स्मित
फ्लाईदुबई से पहले स्मित ने 11 साल से ज्यादा समय तक स्पाइसजेट में काम कर चुके हैं। यहां उन्होंने 9500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी। इनमें 6400 घंटे से ज्यादा समय विमान के मुख्य पायलट यानी पायलट-इन-कमांड के तौर पर था।
जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई जॉइन की थी। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्हें कमर्शियल विमान उड़ाने का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने बोइंग 737 विमानों पर करीब 9750 घंटे उड़ान भरी है।
इसके अलावा वे पायलटों की ट्रेनिंग, उनकी जांच और उन्हें काम के दौरान गाइड करने का काम भी करते थे।
पॉडकास्ट बताया- पढ़ाई के दौरान पायलट बनने का ख्याल आया
पिछले साल अक्टूबर में कैप्टन स्मित ने CS जलक मेहता नाम के यूट्यूब चैनल के साथ पॉडकास्ट किया था। इस दौरान उन्होंने कहा,

स्कूलिंग के बाद फैमिली बिजनेस संभालने के लिए मैंने मैनेजमेंट की पढ़ाई की। लेकिन इसी दौरान मैं एविएशन से जुड़े एक सेमिनार में गया, वहीं मैंने पहली बार पायलट बनने का सोचा।

आगे उन्होंने बताया, ‘मेरी पहली कमर्शियल फ्लाइट बेंगलुरु से दिल्ली के लिए थी।’

पॉडकास्ट के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर। तस्वीर 17 अक्टूबर 2025 की है।
10 पॉइंट्स में जानिए विमान में क्या-क्या हुआ
- विमान ने पहले 7700 कोड भेजा, जो इमरजेंसी का संकेत है। कुछ सेकंड बाद 7500 कोड भेजा गया, जो हाईजैक का संकेत है।
- फ्लाइटरडार के मुताबिक, विमान कुथ ही मिनटों में 34 हजार से 16,600 फीट की ऊंचाई पर आ गया। इसके बाद इसका रास्ता ताबुक की ओर मोड़ा गया।
- पायलट और को-पायलट के बीच मारपीट हुई। झगड़े की वजह अभी साफ नहीं है।
- इजराइली मीडिया के मुताबिक, ओमानी पायलट ने विमान को जमीन की ओर मोड़ने की कोशिश की। आगे बैठे यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर उसे काबू किया।
- यात्रियों के मुताबिक, विमान में सादे कपड़ों में दो और पायलट मौजूद थे। इनमें से एक ने विमान का कंट्रोल संभाला।
- एक यात्री ने बताया कि उसने कॉकपिट से चीखें सुनीं। वहां एक पायलट घायल मिला, उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और कॉकपिट में खून बिखरा था।
- घायल पायलट की हालत गंभीर थी। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उसका इलाज कर जान बचाने में मदद की।
- हाईजैक अलर्ट के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट रवाना किए। पीएम नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की।
- विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया। इजराइल ने कुछ समय के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद किया।
- इजराइली एजेंसियां आतंकी हमले की आशंका की भी जांच कर रही हैं। शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय जांच में शामिल हैं।

----------------------
यह खबर भी पढ़ें…
इजराइल जा रही फ्लाइट क्रैश कराने की कोशिश: पायलट को चाकू मारा, 17 हजार फीट नीचे आया विमान; फाइटर जेट की निगरानी में इमरजेंसी लैंडिंग

दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
.
खबरें और भी हैं...
जिम्बाब्वे में हेलिकॉप्टर क्रैश, चर्चित बिजनेसमैन समेत 6 की मौत: पत्नी भी सवार थीं, राष्ट्रपति के करीबी थे चिवायो; हादसे के बाद हेलिकॉप्टर में लगी आग
0:45- कॉपी लिंक
शेयर
PM मोदी-ट्रम्प की फोन पर बातचीत: कूटनीतिक साझेदारी पर चर्चा; इस साल चौथी बार फोन पर बात, जून में मिले थे दोनों नेता
0:53- कॉपी लिंक
शेयर
जिनपिंग के बॉडीगार्ड की पहचान उजागर: व्हाइट हाउस की गेस्ट लिस्ट में नाम-पद सामने आया, मोदी-जिनपिंग की बैठक में भी मौजूद थे
0:33- कॉपी लिंक
शेयर
भारत-यूएई के बीच समुद्र में तेल पाइपलाइन की तैयारी: होर्मुज संकट के बीच विकल्प तलाश रहा भारत, अरब सागर के नीचे गुजरात-महाराष्ट्र तक बिछेगी लाइन
0:52- कॉपी लिंक
शेयर