Published: Friday, July 24, 2026, 18:15 [IST]
PM Kisan Yojana: देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक मदद देने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) चला रही है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह रकम एक साथ नहीं, बल्कि 2,000 रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक योजना की 23 किस्तें जारी हो चुकी हैं और किसान 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
अगर आप खेती करते हैं और अभी तक PM Kisan का लाभ नहीं ले रहे हैं, तो पात्र होने पर नए सिरे से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए किसान को अपनी जमीन, आधार और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी देनी होती है। आइए जानते हैं योजना के लिए कौन पात्र है, किसे लाभ नहीं मिलता और नए आवेदन का आसान तरीका क्या है।
कौन ले सकता है योजना का लाभ?
PM Kisan का लाभ उन किसान परिवारों को मिलता है जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है। किसान परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे शामिल होते हैं। पात्रता की जांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के भूमि रिकॉर्ड के आधार पर की जाती है। योजना के नियमों के अनुसार, संस्थागत भूमि मालिक, वर्तमान या पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक और मेयर इसके पात्र नहीं हैं। इसके अलावा आयकर देने वाले लोग और 10,000 रुपये या उससे अधिक मासिक पेंशन पाने वाले रिटायर्ड कर्मचारी भी योजना से बाहर हैं। डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील और आर्किटेक्ट जैसे पेशेवर भी पात्र नहीं माने जाते।
ये भी पढ़ें: PM Kisan: इन किसानों को सबसे पहले मिलेंगे 24वीं किस्त के 2,000 रुपये, सरकार ने जारी किए 3 कड़े नियम
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
किसान के पास आवेदन के लिए आधार कार्ड, नागरिकता का प्रमाण, जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज और बैंक खाते की जानकारी होनी चाहिए।
ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
- सबसे पहले PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
- इसके बाद Farmers Corner में जाकर New Farmer Registration चुनें।
- अब आधार नंबर, राज्य और कैप्चा भरकर सत्यापन करें।
- यदि आपका नाम पहले से दर्ज नहीं है, तो नया आवेदन फॉर्म खुलेगा।
- इसमें व्यक्तिगत जानकारी, बैंक डिटेल और जमीन से जुड़ी जानकारी भरकर फॉर्म जमा कर दें।
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं आवेदन
किसान PMKISAN मोबाइल ऐप के जरिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। ऐप डाउनलोड करने के बाद New Farmer Registration विकल्प चुनें और आधार समेत मांगी गई जानकारी भरें। आवेदन जमा होने के बाद संबंधित राज्य सरकार लाभार्थी की जानकारी की जांच करती है। रजिस्ट्रेशन के बाद किसान PM-Kisan पोर्टल पर अपना आवेदन और स्टेटस भी चेक कर सकते हैं। योजना से जुड़ी जानकारी या आवेदन में परेशानी होने पर 155261 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: आपके खाते में लाडली बहना योजना के 1500 रुपये आए या नहीं? घर बैठे मिनटों में चेक करें स्टेटस