NEET आंदोलन के बीच भूमि पेडनेकर का बड़ा बयान। पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा पर बोलीं- 'यह हमारी संस्कृति नहीं है।'
PM Modi के खिलाफ अभद्र नारों पर बोलीं भूमि पेडनेकर
- Published: 02 Aug 2026, 04:05 PM IST
- Last Updated: 02 Aug 2026, 04:05 PM IST
Bhumi Pednekar On Abusive Slogans Against PM Modi: एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए अभद्र नारों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर कहा कि किसी भी मुद्दे पर विरोध जताना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।
वीडियो जारी कर रखी अपनी बात
भूमि ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें इस्तेमाल की गई भाषा उन्हें बिल्कुल सही नहीं लगी। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
घर के बड़ों से भी ऐसे बात नहीं करते
भूमि ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर अपनी राय रखना गलत नहीं है, लेकिन गाली-गलौज करना किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, "क्या हम अपने घर के बड़ों से भी इस तरह बात करते हैं? अगर नहीं, तो फिर किसी के लिए भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।"
युवाओं से की अपील
भूमि ने खास तौर पर युवाओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता हमेशा सम्मानजनक संवाद की रही है और हमें उसी परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए। उनका कहना था कि देश तभी आगे बढ़ेगा, जब लोग एक-दूसरे की बात सम्मान के साथ सुनेंगे और अपनी राय भी शालीन तरीके से रखेंगे।
क्यों शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन के बाद सामने आया। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा राजनीतिक नेताओं और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे।
कंगना रनौत भी दे चुकी हैं प्रतिक्रिया

इससे पहले अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर आपत्ति जताते हुए इसे 'Generation Gutter' बताया था। हालांकि बाद में कंगना ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध छात्रों से नहीं, बल्कि प्रदर्शन के दौरान इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा और व्यवहार से था।
यह भी पढ़े- 'गटर जनरेशन' विवाद के बीच वायरल हुआ कंगना रनौत का पुराना पार्टी वीडियो, इंटरनेट पर छिड़ी बहस