Sep 08, 2026 09:24 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

प्रधानमंत्री के मुंबई दौरे से ठीक पहले फर्जी आईडी कार्ड और हथियारबंद बॉडीगार्ड के साथ मॉल में घुसने की इस कोशिश के बाद हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार को बीकेसी के अपस्केल 'जियो वर्ल्ड प्लाजा' मॉल में हुई।
मुंबई के हाई-प्रोफाइल कमर्शियल हब बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित 'जियो वर्ल्ड प्लाजा' में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताकर जबरन घुसने वाले 24 साल के युवक के वकील ने एक अजीबोगरीब दावा किया है। आरोपी राहुल पारेख के वकील का कहना है कि उनके मुवक्किल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से कोई लेना-देना नहीं था, वह तो बस अपनी गर्लफ्रेंड के लिए परफ्यूम खरीदने मॉल गया था।
प्रधानमंत्री के मुंबई दौरे से ठीक पहले फर्जी आईडी कार्ड और हथियारबंद बॉडीगार्ड के साथ मॉल में घुसने की इस कोशिश के बाद हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
हथियारबंद बॉडीगार्ड के साथ जबरन एंट्री
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार को बीकेसी के अपस्केल 'जियो वर्ल्ड प्लाजा' मॉल में हुई।
जब मॉल के सुरक्षाकर्मियों ने राहुल पारेख और उसके साथ मौजूद हथियारबंद गार्ड को रोका, तो उन्होंने एक सरकारी पहचान पत्र दिखाया।
आईडी कार्ड संदिग्ध लगने पर जब गार्ड्स ने पूछताछ की, तो आरोपियों ने उनके साथ बहस शुरू कर दी और जबरन मॉल परिसर के भीतर दाखिल हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों में से एक के पास लाइसेंसी पिस्टल थी। मॉल प्रशासन की शिकायत के बाद बीकेसी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत सरकारी कर्मचारी का फर्जी रूप धारण करने और हथियार के साथ घुसपैठ का केस दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के वकील ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी राहुल पारेख के वकील ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा।
उन्होंने कहा, "आरोप एक बेहद संवेदनशील विषय से जुड़े हैं, इसलिए हम अपनी तरफ से पूरी जांच और सत्यापन के बाद ही विस्तृत बयान जारी करेंगे। लेकिन तब तक सभी को यह ध्यान रखना चाहिए कि राहुल का जियो मॉल जाना पूरी तरह से उसका व्यक्तिगत काम था। जैसा कि पुलिस ने भी साफ किया है, इसका प्रधानमंत्री के दौरे से कोई संबंध नहीं है। वह अपनी महिला मित्र के लिए परफ्यूम खरीदने गया था।"
पुलिस ने क्या कहा?
शुरुआती खबरों में दावा किया गया था कि यह घटना मंगलवार को पीएम मोदी के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में हुई थी। हालांकि, मुंबई पुलिस ने बाद में स्थिति स्पष्ट की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार की है न कि मंगलवार की। आरोपी के पास मौजूद हथियार भी लाइसेंसी पाया गया है। इसका प्रधानमंत्री के दौरे या सुरक्षा व्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं है।
भले ही पीएम के दौरे से कोई लिंक न मिला हो, लेकिन मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले की समानांतर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने जो पीएमओ का आईडी कार्ड दिखाया था, वह असली है या नकली, और उनके बीकेसी के मॉल में इस तरह धौंस जमाकर घुसने का असली मकसद क्या था।