Raisen Murder News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश मृतक राकेश लोधी के लिए नहीं, बल्कि उसके भाई भगवानदास लोधी के लिए रची गई थी. लेकिन अंधेरे में हुई गलत पहचान के कारण हमलावरों ने राकेश को ही निशाना बना लिया और बेरहमी से उसकी हत्या कर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात करीब 9:40 बजे राकेश लोधी सलामतपुर चौराहे स्थित अपनी हार्डवेयर की दुकान बंद कर बाइक से गांव मेड़की लौट रहे थे. रास्ते में घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई और धारदार तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने उनके हाथ पर भी तलवार से वार कर उसे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया.
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई. तकनीकी सबूतों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), फॉरेंसिक जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने भोपाल के करोंद निवासी गोलू उर्फ धीरेन्द्र पाल (25), बाबू उर्फ प्रिंसराज (25) और एक नाबालिग को हिरासत में लिया.
क्या था पूरा मामला?
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गोलू मृतक के भाई भगवानदास लोधी की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था. महिला की शादी भगवानदास से हो जाने के बाद वह उससे रंजिश रखने लगा और भगवानदास की हत्या की योजना बनाई. इसके लिए उसने साथियों के साथ मिलकर घात लगाई थी. हालांकि, घटना वाली रात भगवानदास की जगह उसके भाई राकेश दुकान से घर लौट रहे थे. अंधेरे में आरोपियों ने राकेश को ही भगवानदास समझ लिया और तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी.
48 घंटे में हुआ खुलासा
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महज 48 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि एकतरफा प्रेम और बदले की भावना में रची गई इस साजिश ने एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले ली. अब आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट – दीपक कांकर /रायसेन

आशू मोहम्मद
राजनीति से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी, नई चीजों को पढ़ने और सीखने की ललख, पाठकों के सामने सरल भाषा व शब्दों में देश दुनिया से जुड़ी खबरों को परोसने का काम टीवी9 के साथ जारी है. वहीं अगर इससे पहले की बात की जाए तो कानपुर में जन्मे आशू मोहम्मद ने साइंस से ग्रेजुएशन करने के बाद कानपुर यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर, टीवी9 भारतवर्ष से 2022 में करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में करीब एक साल का अनुभव, अभी तक यह सिलसिला टीवी9 भारतवर्ष के साथ जारी है. डिजिटल मीडिया की दुनिया में लिखने-पढ़ने, साथ ही 'न्यू मीडिया' की बारीकियों और चुनौतियों को समझने की कोशिश जारी है.
Read More