![]()
जो रूट और स्टीफन फ्लेमिंग (फोटो क्रेडिट AI Generated and ECB)
लंदन: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने लंबी खोज के बाद टेस्ट टीम के नए कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। कई बेहतरीन उम्मीदवारों वाली एक कड़ी प्रक्रिया के बाद ईसीबी के सिलेक्शन पैनल ने सर्वसम्मति से फ्लेमिंग की नियुक्ति पर सहमति जताई।न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए हेड कोच होंगे। इसके साथ ही जो रूट की बतौर टेस्ट कप्तान वापसी भी तय हो गई है। ईसीबी ने इस बात की आधिकारिक तौर पर घोषणा अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान के जरिए की है।
दुनिया के बेहतरीन कोच में से एक हैं स्टीफन फ्लेमिंग
स्टीफन फ्लेमिंग दुनिया के सबसे सम्मानित क्रिकेट कोच में से एक हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका 18 साल का जुड़ाव रहा है और एक खिलाड़ी के तौर पर 111 मैचों के करियर में वे न्यूजीलैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे। बतौर खिलाड़ी फ्लेमिंग न्यूजीलैंड के सबसे लंबे समय तक (80 टेस्ट) और सबसे सफल (28 जीत) टेस्ट कप्तान रहे। उन्होंने मिडिलसेक्स, यॉर्कशायर और नॉटिंघमशर के लिए खेला और नॉटिंघमशर की कप्तानी करते हुए 2005 में काउंटी चैंपियनशिप का खिताब भी जीता, जो टीम ने लंबे अंतराल बाद हासिल किया था। 53 वर्षीय फ्लेमिंग ने बतौर कोच चेन्नई सुपर किंग्स रिकॉर्ड पांच बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जिताया और 10 बार फाइनल तक पहुंचाया।
रूट की हुई टेस्ट कप्तान के रूप में वापसी
फ्लेमिंग के साथ काम करने के लिए जो रूट टेस्ट टीम के कप्तान के तौर पर वापसी कर रहे हैं। रूट के नाम इंग्लैंड की पुरुष टीम के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैच(65 टेस्ट) में कप्तानी करने और सबसे ज्यादा जीत (27 जीत) का रिकॉर्ड दर्ज है। रूट का टेस्ट कप्तान के तौर पर पहला कार्यकाल 2017 से 2022 तक रहा था। न्यूज़ीलैंड के हालिया टेस्ट सीरीज के लिए ओवल टेस्ट में उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली थी।
कोचिंग के सबसे प्रतिष्ठित पदों में से है एक
इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कोच नियुक्त होने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, 'मैं इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह दुनिया भर के क्रिकेट में कोचिंग के सबसे प्रतिष्ठित पदों में से एक है और इस पद पर चुने जाने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और ब्रेंडन मैकुलम और बेन स्टोक्स द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हूं। बेशक मकसद हमेशा जीतना ही होता है। लेकिन इसके साथ यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि टीम मध्यम और लंबी अवधि के भविष्य के लिए अच्छी स्थिति में हो। टीम में और उसके आसपास बहुत सारे युवा प्रतिभाएं हैं और हमारा मकसद उन्हें वर्ल्ड-क्लास क्रिकेटर के तौर पर क्षमता का उपयोग करने में मदद करना है।
रूट के साथ काम करने के लिए हूं उत्साहित
कप्तान जो रूट के साथ काम करने को लेकर फ्लेमिंग ने कहा, मैं खास तौर पर कप्तान जो रूट के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं, वो एक शानदार खिलाड़ी हैं जिन्होंने पहले ही बहुत कुछ हासिल कर लिया है। उनसे अभी और भी बहुत कुछ उम्मीद की जा सकती है, और मैं उनका समर्थन करने के लिए उत्साहित हूं ताकि वे इस भूमिका का आनंद ले सकें और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।'
![]()
नवीन चौहानauthor
नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Sports
- Cricket
End of Article