
महाराष्ट्र के मंत्री की अभिजीत दीपके को 'चुनौती'Image Credit source: PTI (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को ठाणे में आयोजित विशेष महाराजस्व शिविर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा लगाए गए अलग-अलग स्टॉल का निरीक्षण किया और किसानों, आदिवासियों और स्टूडेंट्स को अलग-अलग सरकारी योजनाओं के तहत प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों का वितरण किया. इस कार्यक्रम में ठाणे के जिलाधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), विधायक संजय केलकर, निरंजन डावखरे और किसन कठोरे सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और अधिकारी मौजूद रहे.
सीजेपी (CJP) के अभिजीत दीपके को बीजेपी द्वारा कथित धमकी मिलने के मामले में उन्होंने कहा कि अगर किसी ने धमकी दी है तो उसका नाम सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा बिना प्रमाण किसी की बदनामी नहीं की जानी चाहिए.
पत्रकारों से बातचीत में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार की जयंती के मौके पर पूरे महाराष्ट्र में महाराजस्व शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसी भी प्रकार का सम्मान या सत्कार स्वीकार नहीं किया और सरकार का उद्देश्य केवल अधिक से अधिक नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने लगभग 76 हजार परिवारों तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है. उन्होंने यह भी कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज से प्रेरणा लेकर सरकार जनकल्याण के काम कर रही है.
महाराष्ट्र में जल्द लागू होगा लैंड टाइटलिंग एक्ट
राजस्व मंत्री ने कहा कि जल्द ही महाराष्ट्र में लैंड टाइटलिंग एक्ट लागू किया जाएगा. इसके लागू होने के बाद फ्लैट में रहने वाले लोगों को भी प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा. साथ ही सरकारी जमीन पर बने पात्र मकानों को नियमित कर उन्हें भी प्रॉपर्टी कार्ड देने की योजना पर सरकार विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि मुंबई में माइक्रो जोनिंग की जाएगी और आदिवासी समाज के लिए अलग 7/12 (सातबारा) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. मीरा-भाईंदर से जुड़े एक मामले पर उन्होंने कहा कि जांच पूरी कर ली गई है और एक मामले में दोषी पाए गए हैं, उनपर कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी नागरिक का एक भी रुपया डूबने नहीं दिया जाएगा. जहां-जहां तलाठी भर्ती के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ाने की जरूरत होगी, वहां सरकार समय बढ़ाने पर विचार करेगी. मराठा आरक्षण आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि मनोज जरांगे के मौजूदा मुद्दों का अध्ययन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पिछले आंदोलन के दौरान सरकार ने उनके कई मुद्दों का समाधान किया था.
ये भी पढ़ें: Idiots और Andhbhakts वाले बयान पर राहुल गांधी घिरे, अनुराग ठाकुर ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस, एक्शन की मांग

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More