दुनिया
'अचानक हो सकता है बड़ा हमला, देश छोड़ने को रहें तैयार', ईरान तनाव के बीच अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
- Edited by: मोनू झा
- Updated Aug 1, 2026, 08:35 PM IST
US Embassy Middle East Security Alert: ईरान के साथ बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिका ने मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। येरुशलम और काहिरा समेत कई अमेरिकी दूतावासों ने अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने या आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।
![]()
मिडिल ईस्ट में उड़ानों पर संकट के बादल
Photo :
AP
US Embassy Middle East Security Alert: मध्य पूर्व में ईरान के साथ बढ़ते क्षेत्रीय तनाव और अनिश्चितता को देखते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। येरुशलम, काहिरा और क्षेत्र के अन्य अमेरिकी दूतावासों ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत क्षेत्र से निकलने की तैयारी रखें।
द टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक अमेरिकी दूतावासों द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि वर्तमान समय में मध्य पूर्व का सुरक्षा माहौल बेहद जटिल है और यहां कभी भी तनाव अचानक बढ़ सकता है। अलर्ट में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि ईरानी शासन का रवैया अप्रत्याशित है, जैसा कि हाल ही में बिना किसी पूर्व चेतावनी या उकसावे के क्षेत्रीय इलाकों में किए गए हमलों से देखा गया है।
उड़ानें रद्द होने और यात्रा बाधित होने की आशंका
अमेरिका ने चेतावनी दी है कि स्थिति बिगड़ने पर उड़ानों का परिचालन रद्द हो सकता है, एयरस्पेस बंद किए जा सकते हैं और यात्रा में गंभीर बाधाएं आ सकती हैं। कई एयरलाइंस ने पहले ही इस क्षेत्र के लिए अपनी सेवाएं स्थगित या रद्द कर दी हैं। दूतावासों ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सुझाव दिया है कि वे जल्द से जल्द व्यावसायिक साधनों से बाहर निकलने पर विचार करें।
यात्रा टालने की सलाह
इसके साथ ही जो अमेरिकी नागरिक फिलहाल मध्य पूर्व से बाहर हैं, उन्हें इस क्षेत्र की यात्रा करने या यहां से होकर गुजरने वाले मार्गों से पूरी तरह बचने या उस पर गंभीरता से पुनर्विचार करने की सख्त हिदायत दी गई है। जो लोग यात्रा कर रहे हैं, उन्हें लगातार एयरलाइंस और एयरपोर्ट के अपडेट्स पर नजर रखने को कहा गया है। हालांकि, स्थिति के बीच अमेरिकी दूतावास नियमित सेवाओं और वीजा कार्यों के लिए खुले रहेंगे।
![]()
मोनू झाauthor
मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- World
End of Article