आक्रामक रुख के बाद नासिक में गड्ढा-मुक्ति शुरू, मंत्री महाजन व महापौर के दौरे से जागा प्रशासन

  • Written By:

    आलोक उमाकृष्ण

Updated On: Aug 02, 2026 | 03:39 PM IST

विज्ञापन

सार

Repair Drive In Nashik: सातपुर की जर्जर सड़कों पर जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया। मंत्री गिरीश महाजन के दौरे के बाद गड्ढा-मुक्ति अभियान तेज कर दिया गया।

Pothole Repair Drive In Nashik Satpur After Public Representatives Protest

मंत्री महाजन व महापौर ने किया दौरा (फोटो नवभारत)

विस्तार

Pothole Repair Drive In Nashik: सातपुर औद्योगिक क्षेत्र और मुख्य आंतरिक सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों से नागरिक और श्रमिक बेहद परेशान थे। इस गंभीर समस्या पर सातपुर प्रभाग समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए आक्रामक रुख के कारण प्रशासन आखिरकार हरकत में आया है।

कुंभ मंत्री गिरीश महाजन, महापौर हिमगौरी आडके और प्रभाग के चारों पार्षदों ने शनिवार को प्रभावित सड़कों का जायजा लिया। निरीक्षण के तुरंत बाद रविवार सुबह से सातपुर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों के गड्ढे भरने का काम तेज गति से शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि गुरुवार को आयोजित सातपुर प्रभाग समिति की बैठक में आंतरिक सड़कों की बदहाली और नगर निगम की ढचर कार्यप्रणाली को लेकर माहौल काफी गरमा गया था।

प्रभाग सभापति समाधान देवरे की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्षद दिनकर पाटिल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। सभी पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखते हुए अधिकारियों को आड़े हाथों लिया था।

सम्बंधित ख़बरें

सभापति ने दी चेतावनी

सभापति समाधान देवरे ने नासिक मनपा के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया था कि क्षेत्र की जानकारी न रखने वाले लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होने पर स्थानीय उद्यमियों और श्रमिकों ने संतोष व्यक्त किया है। औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य और संपर्क सड़कों के खतरनाक गड्ढों को भरने का काम तेजी से चल रहा है।

महिला पार्षद सविता काले ने स्वयं स्थल पर पहुँचकर कार्य का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस पहल से औद्योगिक क्षेत्र में रोजाना आवागमन करने वाले हजारों श्रमिकों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।

यह भी पढ़ेः- मरम्मत के बाद कुछ घंटों में ही उखड़ गई सड़क, नासिक में पैचवर्क की पोल खुली, गड्ढे भरने का दावा हुआ फेल

जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना

जानलेवा सड़कों, गड्ढों, दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों के खिलाफ जनप्रतिनिधियों द्वारा सही समय पर आवाज उठाने और सड़कों पर उतरने के कारण ही प्रशासन नींद से जागा है. नागरिकों और श्रमिकों ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इसी आक्रामक पहल की वजह से रविवार को सड़क मरम्मत का काम इतनी त्वरित गति से शुरू हो सका.

Follow Navbharatlive whatsapp