Mussoorie Jeep Crash: उत्तराखंड के मसूरी से एक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. मसूरी जिसे पहाड़ों की रानी कहा जाता है, यहां के व्यस्ततम क्षेत्र माल रोड स्थित न्यू मार्केट में ये सड़क हादसा हुआ. यहां एक अनियंत्रित जीप अचानक सड़क से फिसलते हुए सीधे एक रेस्टोरेंट में जा घुसी. इसके बाद फरा-तफरी मच गई. हादसे में रेस्टोरेंट के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हो गया. हादसा तब हुआ जब जीप से सामान उतारा जा रहा था.
हालांकि, गनीमत रही कि समय रहते ग्राहक और कर्मचारी बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीप चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर सामान उतार रहा था. इसी दौरान वाहन में बैठे एक किशोर ने अनजाने में हैंडब्रेक से छेड़छाड़ कर दी. इसके बाद जीप अचानक आगे बढ़ गई. जब तक कुछ समझ पाता, तब तक वाहन तेजी से लुढ़कते हुए सीधे सामने स्थित रेस्टोरेंट में जा घुसा.
रेस्टोरेंट में आई जोरदार धमाके की आवाज
जीप के रेस्टोरेंट में घुसते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. रेस्टोरेंट के अंदर जो ग्राहक और कर्मचारी बैठे थे, वो अपनी अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े. फिर कुछ ही क्षणों में आसपास के दुकानदार और राहगीरों का भी दुर्घटनास्थल पर जमावड़ा लग गया.
रेस्टोरेंट में लाखों रुपये का नुकसान हुआ
वहीं इस हादसे में रेस्टोरेंट के शीशे, फर्नीचर, काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, रेस्टोरेंट में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. इस घटना के बाद कुछ समय तक न्यू मार्केट क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ लगी रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में बारिश का तांडव मसूरी में भूस्खलन, लोगों के घरों में घुसे पत्थर

शुभम गैरोला
शुभम गैरोला उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्थित मसूरी (पर्यटक नगरी) के रहने वाले हैं. वे पिछले 9 वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया में सक्रिय पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वर्तमान में वे मसूरी से TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता, तथ्यपरकता और संवेदनशीलता के साथ प्रमुखता से उठाने का निरंतर प्रयास किया है. उन्होंने HNN 24×7, नेशनल वॉयस, जनतंत्र, खबर फास्ट, लाइव टुडे, APN News, लोक सत्य अखबार और पायनियर अखबार सहित विभिन्न समाचार संस्थानों के साथ कार्य करने का अनुभव प्राप्त किया है. मसूरी, कैंपटी फॉल, धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों में उन्होंने राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, पर्यावरण, वन्यजीव, पर्यटन, शिक्षा और अपराध जैसे विविध विषयों पर अनेक ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव कवरेज और विशेष समाचार रिपोर्ट प्रस्तुत की हैं.
Read More