दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद मंदसौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर शाम जश्न मनाया। घनश्याम सिंह ने यह चुनाव 6016 मतों के अंतर से जीता है। जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ए
.
इस दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया गया, मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने 'दतिया तो झांकी है, मध्यप्रदेश अभी बाकी है' जैसे नारे भी लगाए।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने इस जीत को जननेता राहुल गांधी के नेतृत्व, जनता से जुड़े मुद्दों और कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित वरिष्ठ नेताओं की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत सफल रही।

कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता ने एकजुट होकर जीत की खुशी मनाई।
विधायक विपिन जैन ने कहा कि आमतौर पर सत्ता पक्ष उपचुनाव जीतता है, लेकिन प्रदेश में लगातार दोनों उपचुनाव कांग्रेस के पक्ष में जाना बदलाव का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि दतिया की जनता ने कांग्रेस के संघर्षशील नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
जैन ने आरोप लगाया कि 25 महीने की मोहन यादव सरकार में जनता महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था से परेशान है, और भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से दूरी बनाकर कांग्रेस पर विश्वास जता रही है।
कांग्रेस नेता मंजीत सिंह टुटेजा ने इस जीत को किसानों, दलितों और पिछड़े वर्ग की जीत बताया। उन्होंने इसे भाजपा के अंत की शुरुआत करार देते हुए कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है।
दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के उपलक्ष्य में जिला कांग्रेस कार्यालय, गांधी चौराहा सहित जिले की विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में भी विजय उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, प्रकाश रातड़िया, परशुराम सिसोदिया, सोमिल नाहटा, राजेश रघुवंशी, मंजीत सिंह टुटेजा, प्रवीण मांगरिया, राजेश सोलंकी, इष्टा भाचावत, विकास दशोरा, तरुण खींची, अनिल शर्मा, यूनुस मेव, प्रतिपाल सिंह राणा, सुनील बसेर, वाहिद जैदी, रफत पयामी, माजिद चौधरी, अनीस मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।