Delhi News: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के किशनगढ़ इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शव ठिकाने लगाने की योजना बनाई. हालांकि आरोपी की साजिश उसके ही दोस्त की सूझबूझ के चलते नाकाम हो गई. दोस्त ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मृतका की पहचान 20 वर्षीय कनिका के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति 24 वर्षीय अनुराग उर्फ अभिषेक है, जो पेशे से डिलीवरी बॉय है.

पुलिस के अनुसार, रविवार को कंट्रोल रूम में एक युवक का फोन आया. उसने बताया कि उसका दोस्त अपनी पत्नी की हत्या कर चुका है और शव को ठिकाने लगाने में उसकी मदद मांग रहा है. सूचना मिलते ही किशनगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हुई और कॉल करने वाले युवक की निशानदेही पर आरोपी अनुराग को हिरासत में ले लिया.

दोस्त ने पुलिस को दी सूचना

जांच में सामने आया कि एक दिन पहले अनुराग ने अपने दोस्त को घर बुलाया था. जैसे ही दोस्त कमरे के अंदर पहुंचा, उसने देखा कि अनुराग की पत्नी कनिका बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी हुई है. आरोपी ने उससे कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और अब शव को ठिकाने लगाने में उसकी मदद करे. दोस्त ने किसी तरह अपना मोबाइल वापस लिया और बहाना बनाकर वहां से निकल गया. घर पहुंचते ही उसने बिना देर किए पुलिस को सूचना दे दी.

पुलिस आरोपी को लेकर उसके घर पहुंची, जहां कनिका का शव बरामद हुआ. उसे तत्काल सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की.

पति ने ही पत्नी को मारा

पुलिस ने बताया कि कनिका गृहिणी थी और उसकी शादी वर्ष 2023 में अनुराग से हुई थी. शुरुआती जांच के आधार पर किशनगढ़ थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, दंपति के बीच संबंधों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है. साथ ही आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या किस कारण और किन परिस्थितियों में की गई. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा उत्तर प्रदेश के झांसी से टीवी9 भारतवर्ष के रिपोर्टर हैं. कहते हैं कि बनारस में जन्म लेने वाले के मिजाज़ में एक अलग ही अल्हड़पन, बेबाकी और अलमस्ती होती है. इसी मिट्टी की तासीर लेकर साल 2002 में विवेक शर्मा ने पत्रकारिता की दुनिया में दिल्ली में कदम रखा. विवेक की पत्रकारिता की शुरुआत हुई जैन टीवी (Jain TV), दिल्ली से, जहां कैमरे की बारीकियों और खबरों की रफ्तार को समझा. जैन टीवी में काम करते-करते मौका मिला देश के नंबर-1 चैनल आजतक (Aaj Tak) से जुड़ने का. 'आजतक' के साथ एक लंबा और शानदार कार्यकाल बीता. विवेक को दो दशक (20 साल) से ज्यादा का अनुभव है. आजतक चैनल के बाद अपने करियर को कुछ समय के लिए विराम देकर उन्होंने फिर से एक नई पारी की शुरुआत की. वर्तमान में TV9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में ज़मीनी स्तर पर काम करते हुए उनका एकमात्र मकसद जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाना है. चमक-दमक वाली खबरों से दूर, बुंदेलखंड की जनता के मुद्दे, उनकी परेशानियां और प्रशासन तक उनकी आवाज़ पहुंचाना ही उनका उद्देश्य है.

Read More

google button