शादी के बाद एक महिला को सिर्फ अपने पार्टनर के साथ ही नहीं, बल्कि घर के हर सदस्य के साथ सामजस्य बिठाने की जरूरत होती है। विशेष रूप से, अपनी सास (Saas Bahu Relationship Tips) के साथ रिश्ते को मधुर बनाने के लिए महिलाएं बहुत अधिक जद्दोजहद करती हैं। ऐसे में वह उनकी हर बात और सलाह को बिना सोचे-समझे मानने की कोशिश करती हैं।
हो सकता है कि आप भी अब तक ऐसा ही करती आई हों। लेकिन क्या हर बार ऐसा करना सही होता है? कई बार महिलाएं घर में हंसी-खुशी का माहौल बनाए रखने के लिए सास की हर बात को मानती हैं और अपनी पसंद, इच्छाओं और भावनाओं का गला घोंट देती हैं। लेकिन इस आदत से वास्तव में मानसिक तनाव व घुटन ही महसूस होती है। तो चलिए जानते हैं कि अपने वैवाहिक जीवन और खुशियों में संतुलन किस प्रकार बनाए रखें-
सास-बहू के रिश्ते में बाउंड्रीज क्यों हैं जरूरी?
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/08/03/healthy-saas-bahu-relationship-2026-08-03-15-58-11.webp)
आज भी भारतीय समाज में वही पारंपरिक सोच मौजूद है, जिसमें यह माना जाता है कि एक अच्छी बहू कभी किसी बात के लिए मना नहीं करती। लेकिन बदलते दौर में एक्सपर्ट्स भी यही मानते हैं कि एक मजबूत और टिकाऊ रिश्ता आज्ञाकारिता से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान से चलता है। यही वजह है कि आज के समय में रिश्ते में प्यार व सम्मान बनाए रखने के लिए बाउंड्रीज होना बेहद जरूरी है।
बाउंड्रीज से रिश्ते को किस तरह मिलता है फायदा?
अक्सर लोग यह समझते हैं कि बाउंड्रीज तय करने से रिश्ते में तनाव पैदा होगा, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। अगर किसी रिश्ते में लगातार केवल एक ही व्यक्ति समझौता करता रहे, तो इससे मानसिक तनाव व घुटन लंबे समय में रिश्तों में कड़वाहट पैदा करता है। इसलिए, बाउंड्रीज तय करने से शुरुआत में भले ही आपसी सहमति ना हो, लेकिन लंबे समय में इससे फायदा ही मिलता है।
सास को ना कब कहें?
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/08/03/respectfully-saying-no-to-mother-in-law-2026-08-03-15-58-48.webp)
अगर आप अच्छी बहू बनने के चक्कर में हर वक्त हां करती रहती हैं तो यह वास्तव में रिश्ते में समस्या पैदा कर सकता है। कुछ स्थितियों में विनम्रता से अपनी बात रखना बेहद जरूरी हो जाता है-
अगर सास या परिवार की अपेक्षाएं इतनी ज्यादा बढ़ जाएं कि आप हर समय तनाव, घबराहट या थकावट महसूस करने लगें, तो अपनी बात रखना जरूरी है।
अगर आपकी पर्सनल लाइफ में जरूरत से ज्यादा दखलअंदाजी होने लगे तो ऐसे में सीमाएं तय करना जरूरी हो जाता है।
जब सेहत के साथ समझौता करना पड़े, तो अपनी बात जरूर रखें। कई महिलाएं बीमार होने पर भी आराम नहीं करतीं कि सास या ससुराल वाले क्या सोचेंगे। लेकिन अपनी सेहत को नजरअंदाज करना सही नहीं है।
अगर बातचीत के दौरान बार-बार आपके मायके, माता-पिता या आपकी परवरिश पर तंज कसे जाएं, तो हर वक्त चुप रहने की जगह शालीनता से अपनी असहमति जाहिर करें।
मनोविज्ञान क्या कहता है?
मनोविज्ञान भी यह मानता है कि एक घर में रहने के बावजूद भी कुछ सीमाएं तय करना जरूरी होता है। जब किसी व्यक्ति की पर्सनल बाउंड्रीज का लगातार उल्लंघन होता है, तो उससे ना केवल भावनात्मक थकान बढ़ती है, बल्कि रिश्ते में मनमुटाव और गुस्सा जमा होने लगता है। यह आपसी दूरियां बढ़ने की एक मुख्य वजह हो सकती है।
प्यार से ना किस तरह कहें?
यह सच है कि कभी-कभी ना कहना बेहद जरूरी हो जाता है। लेकिन आप अपनी बात किस तरह रखती हैं, यह बहुत अधिक मायने रखता है। अगर आपका तरीका गलत है, तब भी रिश्ता बिगड़ते देर नहीं लगती। अगर आप किसी बात को ना कहना चाहती हैं तो कुछ इस तरह कह सकती हैं कि मम्मीजी, मैं आपकी बात समझती हूं, लेकिन इस बार मेरे लिए ऐसा कर पाना थोड़ा कठिन होगा। या फिर अगर आप सास की दखलअंदाजी कम करना चाहती हैं तो ऐसे कह सकती हैं कि आपकी सलाह हमारे लिए बहुत कीमती है, लेकिन इस फैसले पर मैं और आपके बेटे मिलकर विचार करना चाहते हैं।
FAQ
Q.
सास को बिना बुरा लगे प्यार से 'ना' कैसे कहें?
A.
सास की सलाह की तारीफ करें और फिर नम्रता से कहें— "मम्मीजी, आपकी राय सही है, लेकिन मेरे लिए इस बार ऐसा करना थोड़ा मुश्किल होगा।"
Q.
क्या सास-बहू के बीच सीमाएं (Boundaries) तय करने से रिश्ता टूटता है?
A.
नहीं, सही तरीके से तय की गई बाउंड्रीज रिश्ते को तोड़ती नहीं बल्कि मजबूत बनाती हैं, क्योंकि इससे दोनों पक्षों में गलतफहमियां और घुटन कम होती है।
Q.
यदि पति सास का ही पक्ष लें तो पत्नी को क्या करना चाहिए?
A.
पति से अकेले में शांत मन से बात करें, उन पर इल्जाम लगाने के बजाय अपनी मानसिक परेशानी और असुरक्षा को साझा करें।
Q.
मनोविज्ञान के अनुसार 'ना' न कह पाने का क्या नुकसान है?
A.
लगातार मना न कर पाने से व्यक्ति में इमोशनल बर्नआउट, गुस्सा और मानसिक तनाव बढ़ता है जिससे रिश्ते में स्थायी दूरी आ सकती है।