2020 में हिसार में भाजपा नेता सोनाली फोगाट ने सुल्तान सिंह की सैंडल से पिटाई की थी।
फतेहाबाद में मार्केटिंग बोर्ड डिस्ट्रिक्ट मार्केटिंग इंफोर्समेंट ऑफिसर (DMEO) सुल्तान सिंह को हरियाणा सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह ने 3 अगस्त को उनके सस्पेंशन के आदेश जारी किए थे, जो बुधवार (5 अगस्त) को सामने आए।
.
सस्पेंशन के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक का कार्यालय रहेगा। बिना अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। हालांकि, सस्पेंशन आदेश में कार्रवाई की वजह नहीं बताई गई।
दैनिक भास्कर से बातचीत में सुल्तान सिंह ने बताया- 'दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने को लेकर मेरी उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई थी। मैंने किसी प्रदर्शन का समर्थन नहीं किया। मेरे खिलाफ झूठी शिकायत की गई। सस्पेंशन को हाईकोर्ट में चुनौती दूंगा।'
सुल्तान सिंह इससे पहले भी चर्चा में रह चुके हैं। जून 2020 में वह हिसार मार्केट कमेटी में सचिव थे। उस दौरान भाजपा नेता और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने उनकी सैंडल से पिटाई की थी।
सुल्तान सिंह का सस्पेंशन ऑर्डर…

रणदीप सुरजेवाला के करीबी बताए जाते हैं सुल्तान सिंह
मार्केटिंग बोर्ड के DMEO सुल्तान सिंह को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का करीबी माना जाता है। 2019 में हुए जींद उपचुनाव के दौरान भी उन पर सुरजेवाला के समर्थन में वोट मांगने के आरोप लगे थे। उस समय जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से भी की थी।

सोनाली फोगाट ने अभद्र भाषा बोलने का आरोप लगाया था
जून 2020 में हिसार के बालसमंद में तत्कालीन मार्केट कमेटी सचिव सुल्तान सिंह की भाजपा नेत्री और टिकटॉक स्टार सोनाली फोगाट ने सरेआम थप्पड़ों और चप्पलों से पिटाई कर दी थी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। सोनाली का आरोप था कि सुल्तान सिंह ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और अपशब्द कहे थे। इसी से नाराज होकर उन्होंने उनकी पिटाई की।
बाद में सोनाली ने दावा किया था कि उनके पास सुल्तान सिंह के खिलाफ ऑडियो और अन्य सबूत भी हैं। वहीं, सुल्तान सिंह ने सभी आरोपों को झूठा बताया था। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई थी। 23 अगस्त 2022 को सोनाली फोगाट की गोवा में मौत हो गई थी।