वॉशिंगटन (उत्तम हिन्दू न्यूज) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ले जा रहा मरीन वन सैन्य हेलिकॉप्टर उड़ान के दौरान एक कमर्शियल यात्री विमान के बेहद करीब पहुंच गया। दोनों विमानों के बीच की दूरी घटकर करीब एक मील रह गई, जबकि सुरक्षा नियमों के अनुसार कम से कम 1.5 मील की क्षैतिज दूरी और 500 फीट की ऊंचाई का अंतर होना चाहिए। घटना के बाद अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना एयर ट्रैफिक कंट्रोल और मरीन वन के बीच संचार में आई गड़बड़ी के कारण हुई। हालांकि व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति ट्रंप किसी भी समय खतरे में नहीं थे।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को वॉशिंगटन के ऊपर उड़ान के दौरान मरीन वन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच समन्वय में समस्या आई। मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मरीन वन और यात्री विमान के बीच की दूरी एक मील से भी कम हो गई थी।
सुरक्षा मानकों के अनुसार, दो विमानों के बीच कम से कम 1.5 मील की दूरी और 500 फीट की ऊंचाई का अंतर अनिवार्य होता है। ऐसे में इस घटना ने राष्ट्रपति की हवाई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने बताया कि वह 4 अगस्त को वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले एक कमर्शियल विमान और मरीन वन के बीच सुरक्षित दूरी कम होने की घटना की जांच कर रहा है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने एएफपी से कहा, “मरीन वन उड़ाने वाले पायलट दुनिया के सबसे अनुभवी पायलटों में शामिल हैं और राष्ट्रपति किसी भी समय खतरे में नहीं थे।”
वहीं, FAA ने कहा कि सुरक्षित दूरी कम होने के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर लगातार मरीन वन और यात्री विमान, दोनों के पायलटों के संपर्क में था और स्थिति पर नजर बनाए हुए था।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। उसी समय अमेरिकन एयरलाइंस की सहायक कंपनी एनवॉय एयर का एक एम्ब्रेयर ई-170 यात्री विमान उड़ान भर रहा था, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप कैलिफोर्निया रवाना होने के लिए मरीन वन में सवार थे।
You Might Be Interested In
- अमेरिका ने सख्त किए इमिग्रेशन नियम, अधूरे आवेदन अब बिना नोटिस सीधे हो सकेंगे खारिज
- तरुण तेजपाल को बड़ा झटका : बॉम्बे हाई कोर्ट ने बरी करने का फैसला पलटा, रेप केस में ठहराया दोषी
- नॉर्थ कोरिया ने रूस में तैनात की 120 बैलिस्टिक मिसाइल और लॉन्चर, यूक्रेन ने बढ़ते खतरे को लेकर जताई चिंता
- मोहन भागवत आज जेन-जी और जेन-अल्फा से करेंगे संवाद, विश्व को एकजुट करने में भारत की भूमिका पर होगी चर्चा
- दूषित पानी का कहर : ग्रेटर नोएडा में 100 से अधिक लोग बीमार, सोसाइटी के 1640 परिवारों में दहशत
- राम मंदिर चढ़ावा मामला : ट्रस्ट ने अब बहुमूल्य आभूषणों की कराई वीडियोग्राफी, वेबसाइट पर दिखाने की तैयारी