'क्या बोलती पब्लिक', प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच पार्टी के अभिजीत दीपके का नया अभियान

Aug 06, 2026 05:27 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Abhijeet Dipke: कॉकरोच पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने नए अभियान का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद वह अब शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए काम करेंगे। कोचिंग, स्कूलों और कॉलेजों की बढ़ती हुई फीस उनका प्रमुख मुद्दा होगी।

Abhijit Dipke Cockroach Party

अभिजीत दीपके की कॉकरोच पार्टी ने नए अभियान का किया ऐलान

Abhijeet Dipke Cockroach Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अपने नए अभियान का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को पार्टी के नए कैंपेन 'क्या बोलती पब्लिक' की घोषणा करते हुए दीपके ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके लिए काम करना होगा। बकौल, दीपके इस अभियान का सबसे पहला ध्यान शिक्षा क्षेत्र पर होगा, धीरे-धीरे इसे अन्य मुद्दों पर भी केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर सबसे पहले ध्यान इसलिए दिया गया है क्योंकि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग की बढ़ती फीस की वजह से कई परिवार अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध नहीं करवा पाते।

महाराष्ट्र में इस अभियान का ऐलान करते हुए दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी की पूरी टीम इस पर काम करेगी। उन्होंने कहा, "देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार हमारा पहला मुद्दा होगा। इस पर हमें काम करना है। हमारा मानना है कि देश में शिक्षा महंगी हो गई है। क्साल 1 के लिए सालाना फीस 1 लाख रुपए से लेकर 2 लाख रुपए के बीच है। इसके अलावा कई जगह डोनेशन भी चलता है।" दीपके ने सवाल उठाया कि देश में लोगों की आय इतनी कम है। आखिर वह कैसे अपने बच्चों को इतनी फीस देकर पढ़ा पाएंगे?

कॉलेज और कोचिंगों में बढ़ रही फीस- दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर दीपके ने कहा कि स्कूल से निकलने के बाद बच्चा जब कॉलेज और कोचिंग जाता है, तो वहाँ भी यही हाल है। कॉलेज और कोचिंगों की महंगी फीस कई परिवारों को कर्ज के जाल में फंसा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कॉकरोच पार्टी छात्रों के और तमाम परिवारों के इस आर्थिक बोझ को कम करना चाहती है।

भीमराव अंबेडकर का किया जिक्र

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भीम राव अंबेडकर का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा पर सभी का अधिकार है। शिक्षा को सभी के लिए उपलब्ध होना चाहिए। लेकिन आज के समय में शिक्षा केवल एक मुनाफे का धंधा बन चुकी है।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के एक बयान पर व्यंग्यात्मक रूप से शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी आज भारतीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। नीट मामले पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने के बाद सत्ता समर्थक लोग लगातार सवाल उठा रहे थे कि क्या कॉकरोच पार्टी झारखंड में मुद्दे उठाएगी। क्योंकि वहां भी छात्र आंदोलन जारी है। इस मुद्दे को लेकर लगातार अभिजीत दीपके और उनके साथी साइडलाइन होते हुए नजर आए हैं। अब 'क्या बोलती पब्लिक' नाम से नए अभियान का ऐलान कर दीपके ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। वह पहले भी इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि वह राजनीतिक पार्टी नहीं बनेंगे। बल्कि स्थानीय स्तर पर सुधार करने के लिए एक 'प्रेशर ग्रुप' की तरह काम करेंगे। कॉकरोच पार्टी का यह अभियान उसी प्रेशर ग्रुप की शुरुआत हो सकता है।