थम नहीं रहा पंजाब कांग्रेस का कलह, अब लुधियाना में 'भूपेश बघेल गो बैक' के लगे नारे

लुधियाना में 'भूपेश बघेल गो बैक' के लगे नारेImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

लुधियाना में पंजाब कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया, जब कुछ कार्यकर्ता ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (AICC) के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के विरोध में ‘बघेल गो बैक’ लिखी टी-शर्ट पहनकर गुरुनानक देव भवन पहुंच गए. कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर राजा वडिंग और भूपेश बघेल के पहुंचते ही समर्थकों के बीच जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई. ऐसे में राजा वडिंग ने मंच से कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत नेताओं के बजाय कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारे लगाने की अपील की. इसके बाद पूर्व विधायक सिमरजीत बैंस के समर्थकों ने कांग्रेस और राजा वडिंग के पक्ष में नारे लगाए, जिससे माहौल और गर्मा गया.

इस दौरान पूर्व मंत्री भारत भूषण आशू के समर्थकों ने भी जोरदार नारेबाजी की. उनका आरोप था कि राजा वडिंग ने इशारों में उन्हें उकसाया. वहीं, राजा वडिंग ने हंगामा कर रहे लोगों को RSS का समर्थक बताते हुए कार्यक्रम से बाहर जाने के लिए कहा.

नारे लगाने में शामिल लोगों की होगी पहचान

इस घटना के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पार्टी के भीतर मौजूद तथाकथित ‘स्लीपर सेल’ के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी और कहा कि नारे लगाने में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी. बघेल ने कहा कि पार्टी पंजाब में अपने संगठनात्मक कार्यों को अनुशासनहीनता से प्रभावित नहीं होने देगी.

‘भूपेश बघेल वापस जाओ’ के पोस्टर भी लगे दिखे

दरअसल, यह घटना 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व और रणनीति को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुई है. इस हफ्ते की शुरुआत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शहर के दौरे से पहले श्री मुक्तसर साहिब में ‘भूपेश बघेल वापस जाओ’ जैसे नारों वाले पोस्टर भी दिखाई दिए थे. पोस्टरों में बघेल को ब्रिटिश युग के अधिकारी के रूप में दिखाया गया था और नारे का इस्तेमाल स्वतंत्रता-पूर्व ‘साइमन गो बैक’ आंदोलन के संदर्भ में किया गया था. वहीं, अन्य पोस्टरों में राजा वडिंग और बघेल को हटाने की मांग भी की गई थी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ‘चन्नी को वापस लाने’ और पार्टी को मजबूत करने का आग्रह किया गया था.

ये भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी की पहली राष्ट्रीय टीम का ऐलान, अभिजीत दिपके राष्ट्रीय संयोजक, देखें पूरी लिस्ट

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button