भोपाल, 7 अगस्त 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जन्म विश्वास अभियान का पहला शिविर बिल्कुल वैसा ही निकला जैसा हर मंगलवार को जनसुनवाई में होता है। जनता की समस्याओं के तत्काल निदान के लिए आयोजित इस शिविर में एक भी समस्या का तत्काल निदान नहीं किया गया। जनता को बाबुओं के हवाले कर, नेताओं ने भाषण बाजी शुरू कर दी। भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-47 स्थित श्याम नगर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया था। कलेक्टर के कार्यालय से प्रेस को भेजेगा प्रतिवेदन में इस बात का साफ उल्लेख है कि सिर्फ भाषण बाजी हुई, किसी भी समस्या के समाधान का जिक्र नहीं है। मंगलवार की जनसुनवाई में तो शिकायतों की संख्या भी बताई जाती है, जन विश्वास अभियान में शिकायतों की संख्या तक नहीं बताई गई।
विधायक भगवानदास सबनानी का भाषण
विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रही है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान इसी संवेदनशील और जनोन्मुखी कार्यप्रणाली का उदाहरण है। अब नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन और सभी संबंधित विभाग स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याएँ सुन रहे हैं।
विधायक श्री सबनानी ने कहा कि श्याम नगर क्षेत्र की प्रत्येक छोटी-बड़ी समस्या का चरणबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। क्षेत्र में पेयजल, सीवरेज, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
महापौर श्रीमती मालती राय का भाषण
महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल में प्रत्येक शुक्रवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पारदर्शी ढंग से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
महापौर श्रीमती राय ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक-47 में नई सीवर लाइन और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इससे क्षेत्र की सीवरेज और पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संजीवनी क्लिनिक, सफाई व्यवस्था और लाड़ली बहनों के सशक्तिकरण के लिए नगर निगम तथा राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रहे हैं।
महापौर ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने, घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामुदायिक दायित्व है।
अपर मुख्य सचिव गृह श्री संजय शुक्ला का भाषण
अपर मुख्य सचिव गृह श्री संजय शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की मूल भावना यही है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी स्वयं वार्डों और मोहल्लों में पहुँचकर नागरिकों की समस्याएँ सुनें तथा उनका त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें।
श्री शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र में नशामुक्ति के लिए पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से ठोस कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी। नशा व्यक्ति के साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। संपत्ति की रजिस्ट्री सहित नागरिकों से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए भी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा का भाषण
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभाग को भेजकर उसका समय-सीमा में पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। जो पात्र हितग्राही अभी तक शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें लोक सेवा केंद्रों और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों के माध्यम से योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर निगम को क्षेत्र में नालियों की सफाई, गंदगी और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना को सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया जाए, जिससे नागरिकों को प्रस्तावित कार्यों और उनके पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी मिल सके।
श्री मिश्रा ने कहा कि नशा केवल प्रशासनिक विषय नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक समस्या है। माता-पिता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही इस समस्या का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने जाति प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन का भाषण
नगर निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने कहा कि शिविर में पेयजल, सीवरेज, नाली-सफाई, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों को विभागवार दर्ज कर उनके निराकरण की नियमित निगरानी की जाएगी। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निराकरण किया जाएगा तथा शेष प्रकरणों के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाएगी।
जनता की किस्मत में फिर बाबू आ गए
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने सोचा था कि जनप्रतिनिधि, जनता की समस्याओं को सुनेंगे, मौके पर पूरा प्रशासन होगा, तो समस्याओं का तत्काल समाधान भी किया जाएगा, लेकिन भोपाल में समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित शिविर, भाषण बाजी का इवेंट बनकर रह गया।
.webp)