दालचीनी हर भारतीय किचन में पाया जाने वाला एक आम मसाला है। अमूमन इसे चाय से लेकर सब्जी, बिरयानी तक में इस्तेमाल किया जाता है। इतना ही नहीं, आयुर्वेद में भी इसके गुणों की वजह से सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस दालचीनी को आप रोज इस्तेमाल करती हैं, उसे आपको हर बार बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है। बल्कि आप अपने घर की बालकनी या टैरेस पर ही उसे बेहद आसानी से उगा सकती हैं।
अगर आपको गार्डनिंग (Home Gardening Tips) का शौक है और आप अपने पौधों की देख-रेख के लिए कुछ वक्त निकाल सकती हैं तो ऐसे में दालचीनी का पौधा घर में लगाना एक बेहद ही अच्छा विचार है। हालांकि यह तेजी से बढ़ने वाला पौधा नहीं है, लेकिन सही देखभाल मिलने पर यह सालों तक हरा-भरा रहता है। तो चलिए जानते हैं कि घर पर दालचीनी का पौधा लगाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए-
सही गमले का करें चयन
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/08/07/choosing-right-pot-for-cinnamon-2026-08-07-12-18-06.webp)
जब आप घर पर दालचीनी का पौधा लगा रही हैं तो सबसे पहला व जरूरी स्टेप है कि आप सही गमले का चयन करें। दरअसल, दालचीनी की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह चाहिए। इसलिए शुरुआत में ही 10 से 12 इंच का गहरा गमला चुनें। साथ ही, गमले के नीचे पानी निकालने के लिए ड्रेनेज होल जरूर हों, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो।
दालचीनी के लिए मिट्टी कैसी हो?
किसी भी पौधे को लगाते समय उसकी जरूरतों को समझकर सही मिट्टी का चयन करना भी बेहद जरूरी है। दालचीनी का पौधा ऐसी मिट्टी में अच्छी तरह बढ़ता है जिसमें पानी रुकने के बजाय आसानी से निकल जाए। इस पौधे के लिए आप 40 प्रतिशत गार्डन सॉइल, 30 प्रतिशत कम्पोस्ट या गोबर की खाद और 30 प्रतिशत रेत या कोकोपीट का मिश्रण तैयार कर सकती हैं।
कितनी धूप जरूरी है?
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/08/07/cinnamon-plant-sunlight-care-2026-08-07-12-18-45.webp)
हर पौधे की धूप संबंधित जरूरतें अलग-अलग होती हैं। कई लोग सोचते हैं कि ज्यादा धूप मिलने से पौधा जल्दी बढ़ेगा, लेकिन दालचीनी के साथ ऐसा नहीं है। यह पौधा हल्की धूप और आंशिक छांव में बेहतर बढ़ता है। अगर इस पौधे पर दोपहर की तेज धूप सीधी पड़ती है, तो पत्तियां झुलस सकती हैं। इसलिए, जब आप दालचीनी के पौधे को अपने घर में रखें तो बालकनी की ऐसी जगह चुनें जहां सुबह की धूप मिले और दोपहर में हल्की छांव रहे।
पानी कब और कितना दें?
अब सवाल यह उठता है कि दालचीनी के पौधे को कब और कितना पानी देना चाहिए। इस पौधे को न तो बहुत ज्यादा पानी पसंद है और न ही पूरी तरह सूखी मिट्टी। इसलिए, जब भी आपको मिट्टी की ऊपरी परत सूखी महसूस हो, तभी पानी दें। दालचीनी के पौधे में रोज-रोज पानी डालने से बचें। खासकर, बरसात के मौसम में पानी की मात्रा और कम कर दें। याद रखें कि दालचीनी के पौधे की लगातार गीली मिट्टी रहने से जड़ें सड़ सकती हैं।
खाद कब डालें?
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/08/07/organic-fertilizer-for-cinnamon-plant-2026-08-07-12-19-20.webp)
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए पानी व धूप के साथ-साथ खाद की भी जरूरत होती है। दालचीनी के पौधे को हर 45 से 60 दिन में एक बार जैविक खाद या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद दी जा सकती है। बहुत ज्यादा रासायनिक खाद का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इससेे गमले में पौधे की जड़ें जल्दी प्रभावित हो सकती हैं।
इन गलतियों को ना करें
अगर पहली बार दालचीनी का पौधा लगा रही हैं, तो आपको कुछ गलतियां करने से बचना चाहिए। मसलन-
बहुत छोटे गमले में पौधा न लगाएं।
बहुत ज्यादा पानी या हर दिन पानी ना दें।
दोपहर की तेज धूप में दालचीनी का पौधा ना रखें।
शुरुआत में पौधे से जल्दी परिणाम की उम्मीद न करें।
FAQ
Q.
दालचीनी का पौधा घर में कैसे उगाएं?
A.
घर पर दालचीनी उगाने के लिए 10-12 इंच का गमला लें, उसमें गार्डन सॉइल, गोबर खाद और कोकोपीट का मिश्रण भरें और पौधे को सुबह की हल्की धूप में रखें।
Q.
दालचीनी के पौधे को कितनी धूप की आवश्यकता होती है?
A.
दालचीनी के पौधे को रोजाना 2 से 3 घंटे की सुबह की हल्की धूप या आंशिक छांव (Partial Sunlight) की जरूरत होती है।
Q.
गमले वाले दालचीनी के पौधे में कितना पानी डालना चाहिए?
A.
जब मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी महसूस हो, तभी पानी दें। गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए।
Q.
घर पर उगाई गई दालचीनी से मसाला कब प्राप्त होता है?
A.
पौधे के परिपक्व होने और उसके तने की छाल निकालने में लगभग 2 से 3 साल का समय लगता है।