Tej Sapru on Rajesh Khanna: हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना का स्टारडम किसी मिसाल से कम नहीं था. एक दौर ऐसा था जब उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस घंटों इंतजार करते थे. लड़कियां उन्हें खून से खत लिखती थीं और उनकी कार को चूमने के लिए भीड़ उमड़ पड़ती थी. लगातार कई सुपरहिट फिल्में देने वाले राजेश खन्ना ने जिस ऊंचाई को छुआ, वहां तक पहुंचना हर कलाकार के बस की बात नहीं थी. हालांकि, उनके करियर के साथ उनका उतार-चढ़ाव भी जुड़ा रहा.
राजेश खन्ना के साथ काम कर चुके कई कलाकारों ने उनके व्यक्तित्व और व्यवहार को लेकर अलग-अलग अनुभव साझा किए हैं. अब एक्टर तेज सप्रू ने भी राजेश खन्ना से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया है. उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान राजेश खन्ना ने उन्हें पीछे से गालियां दे दी थीं. इस घटना से तेज सप्रू इतने आहत हुए कि उन्होंने अगले दिन राजेश खन्ना से बात तक नहीं की. हालांकि, बाद में राजेश खन्ना खुद उनके पास पहुंचे और अपनी गलती के लिए माफी मांगी. तेज सप्रू ने इस पुराने किस्से के साथ राजेश खन्ना के व्यक्तित्व पर भी खुलकर बात की. उन्होंने माना कि राजेश खन्ना बेहद दरियादिल इंसान थे लेकिन उनके अंदर अहंकार भी था. तेज सप्रू का मानना है कि यही अहंकार उनके करियर के पतन की एक बड़ी वजह बना.
राजेश खन्ना से बहुत सम्मान करते थे तेज सप्रू
तेज सप्रू ने ‘द रेडिफ’ के पॉडकास्ट में राजेश खन्ना के साथ अपने अनुभव को साझा किया. उन्होंने बताया कि राजेश खन्ना उनके लिए सिर्फ एक बड़े स्टार नहीं थे, बल्कि वो उनके परिवार से भी जुड़े हुए थे. राजेश खन्ना की पहली फिल्म उनके पिता और दिग्गज एक्टर डीके सप्रू के साथ थी. यही वजह थी कि तेज सप्रू उन्हें बेहद सम्मान दिया करते थे. तेज सप्रू ने बताया कि वो अपने से सीनियर कलाकारों का हमेशा बहुत सम्मान करते रहे हैं. यहां तक कि अगर उनके सामने उनसे सीनियर कोई कलाकार मौजूद हो तो वो तब तक कुर्सी पर नहीं बैठते थे, जब तक वो खुद न बैठ जाए. ऐसे में जब राजेश खन्ना ने उन्हें गालियां दीं तो ये बात उनके दिल पर बहुत गहराई से लगी.
शूटिंग के दौरान अचानक सुनाई दी गालियां
तेज सप्रू ने उस घटना को याद करते हुए बताया कि वो कश्मीर में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. इसी दौरान वो एक एक्ट्रेस के साथ मौजूद थे. अचानक उन्हें पीछे से किसी के गालियां देने की आवाज सुनाई दी. जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो सामने राजेश खन्ना थे. तेज सप्रू के मुताबिक, उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर राजेश खन्ना ने उन्हें इस तरह क्यों डांटा और गालियां क्यों दीं. उन्होंने ये साफ नहीं किया कि उस वक्त ऐसा क्या हुआ था जिसकी वजह से राजेश खन्ना नाराज हो गए थे. लेकिन घटना ने उन्हें अंदर तक हिला दिया. दरअसल, तेज सप्रू राजेश खन्ना को बेहद सम्मान देते थे. ऐसे में जिस व्यक्ति को वो इतना बड़ा कलाकार और अपने पिता का साथी मानते थे उसी से इस तरह की बात सुनना उनके लिए बेहद दुखद था.
‘मैं बहुत परेशान हो गया था’
तेज सप्रू ने बताया कि इस घटना के बाद वो काफी परेशान हो गए थे. उन्होंने कहा कि राजेश खन्ना की पहली फिल्म उनके पिता डीके सप्रू के साथ थी और वो इसी वजह से उनका बहुत सम्मान करते थे. तेज सप्रू ने ये भी कहा कि वो अपने से बड़े कलाकारों का हमेशा सम्मान करते हैं. उनके लिए ये मायने नहीं रखता कि सामने वाला कलाकार कितना बड़ा या छोटा है. अगर वो उनसे सीनियर है या उनके पिता के साथ काम कर चुका है तो वो उसे सम्मान देते हैं. यही वजह थी कि राजेश खन्ना की तरफ से मिली गालियां उन्हें सामान्य डांट की तरह नहीं लगीं, बल्कि उनके दिल को चोट पहुंची.
/filters:format(webp)/newsnation/media/media_files/2026/08/09/rajesh-khanna-2026-08-09-10-26-52.jpg)
अगले दिन तेज सप्रू ने नहीं की राजेश खन्ना से बात
इस घटना का असर इतना हुआ कि अगले दिन जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तो तेज सप्रू ने राजेश खन्ना से बात नहीं की. उन्होंने बताया कि उन्होंने राजेश खन्ना को न हाय कहा न हैलो और न ही नमस्ते. वो चुपचाप अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ गए. शायद राजेश खन्ना को भी समझ आ गया था कि पिछली रात की घटना से तेज सप्रू को काफी बुरा लगा है. इसके बाद वो खुद तेज सप्रू के पास पहुंचे.
राजेश खन्ना ने मांगी माफी
तेज सप्रू के मुताबिक, राजेश खन्ना ने उनसे माफी मांगी. इतना ही नहीं उन्होंने तेज सप्रू को अपने होटल में भी बुलाया. माफी मांगने के बाद दोनों के बीच फिर से बातचीत हुई और मामला शांत हो गया. तेज सप्रू ने बताया कि इसके बाद दोनों ने रातभर साथ बैठकर शराब पी और पुरानी कड़वाहट दूर हो गई.
‘राजेश खन्ना में घमंड था’
इस घटना के अलावा तेज सप्रू ने राजेश खन्ना के व्यक्तित्व को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि राजेश खन्ना में घमंड था. हालांकि, इसके साथ उन्होंने ये भी माना कि राजेश खन्ना बेहद दरियादिल इंसान थे. तेज सप्रू ने कहा कि जब कोई कलाकार अपने करियर के शिखर पर पहुंच जाता है, तो उसके आसपास का माहौल भी बदल जाता है. कई बार स्टार से ज्यादा उसके आसपास मौजूद लोगों का दिमाग बदल जाता है. उनके मुताबिक, राजेश खन्ना के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ होगा. उन्होंने एक तरफ उनके अंदर अहंकार होने की बात कही, वहीं दूसरी तरफ उन्हें बेहद उदार और दरियादिल इंसान भी बताया.
‘उनका पतन अहंकार की वजह से जल्दी हुआ’
राजेश खन्ना के करियर के डाउनफॉल को लेकर तेज सप्रू ने अपनी बेबाक राय रखी. उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि राजेश खन्ना का पतन उनके अहंकार की वजह से जल्दी हुआ. उन्होंने राजेश खन्ना की तुलना धर्मेंद्र और जितेंद्र जैसे सितारों से करते हुए कहा कि उनके हिसाब से राजेश खन्ना का डाउनफॉल उतनी जल्दी नहीं होता अगर उनके अंदर वो अहंकार नहीं होता. हालांकि, तेज सप्रू ने ये भी माना कि स्टारडम के मामले में राजेश खन्ना का मुकाबला करना आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी दूसरे स्टार की इतनी बड़ी फैन फॉलोइंग नहीं देखी, जितनी राजेश खन्ना की थी.
ये भी पढ़ें: हर साल करोड़ों में करते हैं कमाई, प्राइवेट जेट के हैं मालिक, जानें महेश बाबू के पास है कितनी दौलत?