वाराणसी में तीन लोगों पर जानलेवा हमला; साड़ी कारीगर की पत्थर से कूंचकर हत्या और दो घायल, जांच में जुटी पुलिस

विज्ञापन

सार

Varanasi Murder Case: वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक में तीन लोगों पर जानलेवा हमला हुआ। पत्थर से हमले में साड़ी कारीगर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है

Varanasi Crime: Three People Attacked Near Police Outpost, One Killed and Two Injured

मौके पर जुटी भीड़ (सोर्स- फोटो नवभारत)

विस्तार

Varanasi Murder Case Of Saree Artisan Ravi Chauhan: आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार तड़के तीन लोगों पर जानलेवा हमले की घटना से सनसनी फैल गई। हमले में साड़ी का पत्ता काटने वाले कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में पान की दुकान चलाने वाले अशोक पासवान उर्फ बाबाजी (60) की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। तीसरे घायल गणेशु कनौजिया (55) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर वारदात

घटना हनुमान फाटक पुलिस चौकी से करीब 40 मीटर की दूरी पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब तीन बजे हमलावर ने नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ आने वाली गली में प्रवेश किया। सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया।

इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दुकान में सो रहे साड़ी कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू को निशाना बनाया। हमलावर ने पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहां से भागते समय उसने घर के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया पर भी ईंट से वार किया और पुलिस चौकी के सामने से फरार हो गया।

सम्बंधित ख़बरें

तीन लोगों पर हमले से मचा हड़कंप

सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एक साथ तीन लोगों पर हमले और एक की हत्या की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- मथुरा में छात्र विपिन हत्याकांड का खुलासा: मुठभेड़ में पकड़े गए दो आरोपी, महिला सह-अभियुक्ता भी गिरफ्तार

दुकान खाली कराने के विवाद की भी जांच

मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे दुकान मालिक का हाथ होने की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक पप्पू अविवाहित था और हनुमान फाटक में घर के पास किराये की दुकान लेकर साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था। दुकान खाली कराने को लेकर उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी विवाद को हत्या की वजह होने की आशंका जताई है।

हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर ने तीन अलग-अलग स्थानों पर सो रहे लोगों को निशाना क्यों बनाया और मृतक पप्पू से उसका क्या संबंध था।

हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस का मुख्य फोकस हमलावर की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने पर है। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Follow Navbharatlive whatsapp