तो आम्रपाली ने बोला रानी चटर्जी से झूठ? काजल राघवानी से बातचीत में खुल गई पोल!
Aug 09, 2026 07:19 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Bhojpuri Bawaal: भोजपुरी बवाल में रानी चटर्जी उस वक्त बुरी तरह कनफ्यूज हो गईं, जब आम्रपाली दुबे ने उन्हें झगड़े की वजह कुछ और बताई, लेकिन फिर काजल अग्रवाल ने शॉकिंग फैक्ट बता दिया।

भोजपुरी बवाल के नए प्रोमो वीडियो में काजल राघवानी एक शॉकिंग खुलासा करती नजर आईं।
जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहे रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे की नोक-झोंक लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। शो के एक एपिसोड में जब सभी सुपरस्टार्स एक साथ डिनर टेबल पर जुटे तो काजल राघवानी ने निरहुआ से सवाल पूछ लिया कि क्या आम्रपाली की वजह से वह उनके साथ काम नहीं करते हैं? यह बात आम्रपाली और निरहुआ को इतनी बुरी लगी कि इसके बाद बहस बढ़ती चली गई और फिर दोनों एक्ट्रेसेज ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे के लिए काफी कुछ कहा।
कहां से शुरू हुई यह पूरी बात?
अब एक ताजा प्रोमो वीडियो में काजल राघवानी और रानी चटर्जी आपस में बातें करती नजर आ रही हैं। बातचीत के दौरान रानी चटर्जी ने काजल को बताया, "मैं आम्रपाली से मिली थी और उसका दिल इस बात से दुखा है कि काजल को यह बात उस जगह पर नहीं कहनी चाहिए थी।" रानी चटर्जी ने कहा कि जब आम्रपाली ने उन्हें डिनर की ये पूरी घटना बताई तो मैंने कहा कि सुहागरात का गाना चल रहा है और तुम सेट पर हो। अगर वह असहज हो रही है, दिनेश जी असहज हैं, काजल को इसके लिए बार-बार बोला जा रहा है तो तुम वहां पर क्यों थीं?
काजल राघवानी ने खोल दी पोल
रानी चटर्जी ने कहा, "आम्रपाली ने मुझे बताया कि उस दिन उसका भी गाना शूट हो रहा था, इसलिए वह सेट पर बैठी थी। मुझे उसकी यह लाइन सुनकर बहुत हर्ट हुआ कि तुमने मुझे यह बात क्यों नहीं बताई।" इस सवाल के जवाब में काजल राघवानी ने जो जवाब दिया, उससे तो यही लगता है कि आम्रपाली ने रानी से झूठ बोला। क्योंकि आम्रपाली ने जो जवाब दिया, उसे सुनकर काजल राघवानी भी शॉक्ड रह गई थीं। काजल राघवानी ने जवाब दिया, “फ्यूचर स्टूडियो कहां पर है? जोगेश्वरी में। यह जो सुहागरात वाला सॉन्ग है यह मालवनी साइड में चल रहा था।”
रानी चटर्जी का चकराया दिमाग
काजल राघवानी की बात सुनकर रानी चटर्जी ने अपना सिर ही पकड़ लिया और कहा कि हे भगवान मैं क्या करूं। उन्होंने कहा, "यह चल क्या रहा है? यह हो क्या रहा है? जब काजल से सुनती हूं तो कुछ और होता है और जब आम्रपाली से सुनती हूं तो कुछ और होता है।" कमेंट सेक्शन में दोनों ही सुपरस्टार एक्ट्रेसेज के फैंस उन्हें सपोर्ट करते नजर आए। हालांकि सच क्या है इसका जवाब अभी तक ऑडियंस के पास नहीं है। भोजपुरी सुपरस्टार्स के जमावड़े से जमकर गॉसिप्स निकल रहे हैं और शो खूब पसंद किया जा रहा है।
