
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ प्रौद्योगिकी संस्थान (पूर्व में शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय), बिलासपुर में सीएसआर बॉक्स गतिविधि के अंतर्गत लेनोवो लीप स्किलिंग इनिशिएटिव द्वारा लेनोवो लीप नेक्स्टजेन स्कॉलर्स प्रोग्राम के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ओरिएंटेशन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संस्थान के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के 158 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंघई के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान समय की उभरती तकनीकों, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जनरेटिव एआई, एआई ऑटोमेशन, फुल-स्टैक डेवलपमेंट एवं साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में आवश्यक ज्ञान एवं रोजगारपरक कौशल से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन अंकुश कुमार, एआई-इंटीग्रेटेड फुल-स्टैक डेवलपर, जनरेटिव एआई ट्रेनर एवं मेंटर, ने विद्यार्थियों को एआई तथा आधुनिक डिजिटल तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग, उद्योग जगत में उनकी उपयोगिता एवं भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग, मेंटरशिप, सर्टिफिकेशन तथा इंडस्ट्री-ओरिएंटेड करियर अवसरों के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने एआई एवं अन्य उभरती तकनीकों को लेकर विशेष रुचि एवं उत्साह प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के नोडल अधिकारी प्रो. संदीप साहू, सहायक प्राध्यापक, मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं सहायक नोडल अधिकारी प्रो. सोनिया बाघवा, सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. सिंघई ने विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के उद्योगोन्मुखी कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने हेतु लेनोवो, लेनोवो लीप स्किलिंग इनिशिएटिव तथा भारतकेयर्स/सीएसआरबॉक्स के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को एआई एवं उभरती तकनीकों के क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने तथा रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।