चर्चा के लिए समय निर्धारित करें...अमित शाह ने स्पीकर को लिखी चिट्ठी, कहा- संसद में विपक्ष के हर सवाल का दूंगा जवाब

गृह मंत्री अमित शाहImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

नीट परीक्षा को लेकर हुए छात्र आंदोलन के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा को तैयार है, आप विपक्ष से बात करके तय करिए. अमित शाह ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने BAC बैठक में सरकार की ओर से NEET परीक्षा पर चर्चा के लिए सहमति दी थी, विपक्ष की मांग पहले भी स्वीकार की जा चुकी है.

पत्र में कहा गया है कि विपक्ष के आग्रह पर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार पहले ही सहमति दे चुकी थी. अमित शाह ने कहा कि मौजूदा सत्र में विदेशी अंशदान (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा हो चुकी है. पत्र के मुताबिक, FCRA बिल पर चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी भी सांसद ने NEET परीक्षा के संबंध में सदन में कोई विचार व्यक्त नहीं किया. अमित शाह ने कहा कि इसके बावजूद सरकार NEET के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है.

अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से किया अनुरोध

पत्र में अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि आप विपक्ष से चर्चा कर आपसी सहमति से आज से जितने समय, जितने घंटे आप उचित समझें, उतना समय आवंटित करने की कृपा करें. अमित शाह ने कहा, ‘मैं निर्धारित समय के दौरान सदन में उपस्थित रहकर इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेना चाहता हूं और विपक्ष के सभी प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार हूं. लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है. मेरा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और मेरा यह मानना है कि यह सदन चर्चा और संवाद के लिए ही है’.

Amit Shah Letter

‘सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं’

वहीं, संसद के बाहर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है. उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे पर बहस होने देने के बजाय संसद को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया और कहा कि अब विपक्ष को यह तय करने दीजिए कि वह चर्चा चाहता है या हंगामा करना चाहता है. उन्होंने आगे कहा कि संसदीय नियमों में एक अलग बयान की मांग के बजाय विस्तृत बहस का प्रावधान है.

दरअसल, अमित शाह की ये टिप्पणी NEET परीक्षा के पेपर लीक के खिलाफ हाल ही में हुए छात्र के विरोध प्रदर्शनों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस द्वाराबल प्रयोग के आरोपों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच चल रहे गतिरोध के बीच आई है. इस मुद्दे ने संसद की कार्यवाही को बार-बार बाधित किया है, विपक्षी नेता सरकार से जवाब मांग रहे हैं और राहुल गांधी गृह मंत्री से प्रतिक्रिया मांग रहे हैं.

किरेन रिजीजू ने विपक्ष के रवैये पर जताई नाराजगी

वहीं, किरेन रिजीजू ने कहा कि ‘मैं बहुत निराश हूं. ⁠पहली बार ऐसा है कि सरकार चर्चा चाहती है पर विपक्ष भाग रहा है. जिंदगी में पहली बार ऐसा दृश्य देखा. विपक्ष का रवैया देश के हित में नहीं. विपक्ष जवाब नहीं सुनना चाहता है. विपक्ष की भी संसद के प्रति जिम्मेदारी होती है. विपक्ष ने मांग किया चर्चा और अमित शाह के जवाब का, हम तैयार हैं, पर विपक्ष नही माना. गृहमंत्री ने फिर स्पीकर को पत्र लिखा कि हम विस्तार से चर्चा को तैयार. सरकार हाथ जोड़कर स्पीकर से कह रही है कि हम चर्चा को तैयार हैं, पर विपक्ष नहीं मान रहा. ये देश के लिए ठीक नहीं. मानसून सत्र में कांग्रेस ने हंगामा किया, अब जनता भी जानना चाहती है कि चर्चा से कांग्रेस क्यों भाग रही है’.

ये भी पढ़ें: FCRA को JPC में भेजने का प्रस्ताव पास, अखिलेश बोले- यह बिल अल्पसंख्यकों के खिलाफ

आनंद प्रकाश पांडेय

आनंद प्रकाश पांडेय

दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद 2005 में टीवी पत्रकारिता में कदम रखा. वो सफर अब टीवी9 भारतवर्ष तक पहुंच गया है. राजनीतिक लोगों और राजनीतिक खबरों में रूचि है. भले ही पद एडिटर, नेशनल अफेयर्स का है पर अभी भी खुद को नौसिखिया ही मानता हूं और इसलिए सीखने का क्रम अनवरत जारी है...

Read More

google button