भारत सरकार ने टेबल टेनिस फेडरेशन को किया निलंबित, आखिर क्यों उठाना पड़ा सख्त कदम?

Aug 12, 2026 05:00 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा

Follow us on Google News

share

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) की मान्यता निलंबित कर दी गई है। भारत सरकार ने 'प्रशासनिक कमियों' के मद्देनजर ऐसा किया। भारतीय ओलंपिक संघ अब एक तदर्थ समिति बनागा।

Table Tennis

फाइल फोटो

भारत सरकार ने बुधवार को टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के खिलाफ (टीटीएफआई) सख्त कदम उठाया है। खेल मंत्रालय ने 'प्रशासनिक कमियों' का हवाला देते हुए फेडरेशन की मान्यता निलंबित कर दी। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि पहले जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का 'संतोषजनक जवाब नहीं मिलने' और समय पर चुनाव नहीं करा पाने के कारण भारतीय टेबल टेनिस महासंघ को निलंबित किया है। मंत्रालय ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से खेल के संचालन के लिए तदर्थ समिति गठित करने को कहा।

मेघना अहलावत पहली महिला अध्यक्ष

मंत्रालय के आदेश में कहा गया, ''अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईटीटीएफ) के परामर्श से एक आंतरिक नियामक तंत्र बनाने के लिए आईओए उचित कदम उठाएगा जिसमें तदर्थ समिति का गठन भी शामिल है। ऐसा तब तक रहेगा जब तक टीटीएफआई में विधिवत गठित प्रशासनिक ढांचा बहाल नहीं हो जाता।'' टीटीएफआई की मौजूदा अध्यक्ष मेघना अहलावत हैं। वह महासंघ की पहली महिला अध्यक्ष हैं और हरियाणा के विधायक दुष्यंत चौटाला की पत्नी भी हैं। चौटाला, टीटीएफआई के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला के बेटे हैं। मेघना ने दिसंबर 2022 में पदभार संभाला था।

उठापटक से गुजर रहा है महासंघ

यह संस्था पिछले कई महीनों से उठापटक से गुजर रही है। उसने जनवरी में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अपने महासचिव और पूर्व खिलाड़ी कमलेश मेहता को निलंबित कर दिया था। मेहता ने इस मामले को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दी जिसने बाद में उनका निलंबन रद्द कर दिया। मेहता के निलंबन को व्यापक रूप से टीटीएफआई में अंदरूनी सत्ता संघर्ष से जोड़कर देखा गया था। महासंघ ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा था कि यह फैसला 'पारदर्शिता, सामूहिक निर्णय लेने और भारतीय टेबल टेनिस के दीर्घकालिक हितों की रक्षा' के लिए लिया गया था।

मनिका बत्रा इस फैसले से नाखुश

कुछ महीने बाद यह संस्था उस समय फिर सुर्खियों में आई जब स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा को पर्याप्त घरेलू मैच नहीं खेलने के कारण एशियाई खेलों की टीम से बाहर कर दिया गया। मनिका ने सार्वजनिक रूप से इस फैसले की आलोचना की और खेल मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग करते हुए आरोप लगाया कि महासंघ द्वारा अपनाई गई चयन प्रक्रिया अस्पष्ट और अनुचित थी। मंत्रालय ने टीटीएफआई से जुड़ी सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया। मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार जवाब संतोषजनक नहीं था। मंत्रालय ने कहा कि टीटीएफआई खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करने के अपने दायित्व में विफल रहा है। इसका एक उदाहरण पिछले साल राष्ट्रीय चैंपियनशिप कराने में हुई देरी है। महासंघ को इस साल अपने चुनाव कराने हैं लेकिन प्रक्रिया कब शुरू होगी इस बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं है।

2022 में भी निलंबित किया गया

मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय खेल महासंघ से अपेक्षित जवाबदेही और लोकतांत्रिक तरीके से काम करने के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया। उसने कहा कि टीटीएफआई ने उसके द्वारा जारी निर्देशों और दिशानिर्देशों की बार-बार अनदेखी की। मनिका की उस समय की चयन नीति को चुनौती देने वाली याचिका के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने फरवरी 2022 में भी टीटीएफआई को निलंबित कर दिया था। उस चयन नीति के कारण मनिका उस साल एशियाई चैंपियनशिप की टीम में जगह नहीं बना पाई थीं। दिल्ली उच्च न्यायालय ने उस समय प्रशासक नियुक्त करने का आदेश देते हुए टीटीएफआई की 'दयनीय स्थिति' पर 'हैरानी' जताई थी। बाद में दिसंबर में नए चुनाव होने के बाद महासंघ को बहाल कर दिया गया था।

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।

अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।

विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें