नागपुर स्नातक सीट पर भाजपा की मोर्चेबंदी तेज, रविंद्र चव्हाण के दौरे से चुनावी तैयारियों को मिली धार

By सुभाष चंद्र

Time Published: Friday, August 14, 2026, 17:41 [IST]

नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने विदर्भ का दो दिवसीय दौरा कर विभिन्न संगठनात्मक जिलों में बैठकें कीं। इन बैठकों में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में नागपुर ग्रामीण (रामटेक), चंद्रपुर महानगर एवं ग्रामीण, गढ़चिरौली, गोंदिया, भंडारा, नागपुर महानगर, काटोल और वर्धा के संगठनात्मक जिलों की बैठकें आयोजित हुईं। बैठकों में संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर तक चुनावी योजना तैयार करने तथा कार्यपद्धति की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठित एवं योजनाबद्ध तरीके से चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया।

Nagpur MLC Graduate Constituency Election

'विदर्भ भाजपा का मजबूत गढ़'

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में विदर्भ में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पुण्यभूमि है और विदर्भ भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है।

चव्हाण ने कहा, "इस दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जीत का आत्मविश्वास दिखाई दिया। नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए हम पूरी ताकत के साथ तैयार हैं। हमें पूरा विश्वास है कि जीत हमारी ही होगी।"

वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रो. शेख सर का सम्मान

चंद्रपुर में आयोजित बैठक के दौरान ब्रह्मपुरी के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रो. शेख सर का रविंद्र चव्हाण के हाथों सम्मान किया गया। बताया गया कि प्रो. शेख सर वर्ष 1980 से पार्टी के कार्यों के लिए समर्पित रहे हैं।

इस अवसर पर चव्हाण ने कहा कि प्रो. शेख सर जैसे समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा परिवार के वास्तविक आधारस्तंभ हैं। ऐसे निष्ठावान कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग और योगदान से ही पार्टी का मजबूत संगठन खड़ा हुआ है।

स्थानीय नेताओं से किया सीधा संवाद

विदर्भ दौरे के दौरान रविंद्र चव्हाण ने रामटेक के जिलाध्यक्ष आनंदराव राऊत, विधायक कीर्तिकुमार (बंटी) भांगड़िया, पूर्व विधायक अतुल देशकर, वरिष्ठ नेता किशन नागदेवे, पूर्व विधायक कृष्णा गजभिये और विधायक विनोद अग्रवाल के निवास एवं कार्यालयों पर सदिच्छा भेंट की।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति, क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली।

कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

दौरे के दौरान मंत्री डॉ. अशोक उईके, राज्यमंत्री एवं पालकमंत्री पंकज भोयर, प्रदेश महासचिव एवं विधायक संजय कुटे, विधायक संजय भेंडे, विधायक प्रवीण दटके, विधायक कीर्तिकुमार (बंटी) भांगड़िया, विधायक किशोर जोरगेवार, विधायक करण देवतले, विधायक देवराव भोंगळे, विधायक चैनसुख संचेती, विधायक अरुण लखाणी, विधायक परिणय फुके, विधायक विनोद अग्रवाल, विधायक विजय रहांगडाले, विधायक संजय पुराम और विधायक अविनाश ब्राह्मणकर सहित पूर्व सांसद हंसराज अहीर, सुनील मेंढे, पूर्व विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा के इस व्यापक संगठनात्मक दौरे को नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद के जरिए पार्टी ने चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया है।