आमतौर पर आसमान में उड़ते विमान को देखने वाले बक्सर के लोगों ने शनिवार को ऐसा नजारा देखा, जिसने हर किसी का कौतूहल बढ़ा दिया। बक्सर-पटना एनएच-922 पर एक ट्रेलर के ऊपर एयर इंडिया का विमान लदा हुआ दिखाई दिया।

.

दलसागर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर कुछ देर के लिए रुका तो सड़क से गुजर रहे राहगीर भी अपनी गाड़ियां रोककर विमान देखने लगे। देखते ही देखते टोल प्लाजा के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ट्रेलर पर लदा विमान देखकर कई लोग मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बनाने लगे। कुछ लोग विमान के साथ सेल्फी लेते नजर आए, जबकि कई लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने सोशल मीडिया माध्यमों पर लाइव भी किया। सड़क पर ट्रेलर के ऊपर पूरा विमान देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे आसमान में उड़ने वाला हवाई जहाज सड़क के रास्ते बक्सर पहुंच गया हो।

पटना से लखनऊ ले जाया जा रहा था विमान

ट्रेलर चालक के अनुसार विमान को पटना से लखनऊ ले जाया जा रहा था। दलसागर टोल प्लाजा पर ट्रेलर के रुकने के दौरान आसपास के लोगों और राहगीरों में विमान को करीब से देखने की होड़ लग गई।

विमान का आकार काफी बड़ा होने के कारण टोल प्लाजा के पास उसे निकालने में कुछ समय लगा। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार भी थम गई। लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर विमान को देखने लगे।

2007 में बना था एयरबस A319

ट्रेलर पर लदा विमान एयरबस A319-112 है। विमान पर निबंधन संख्या VT-SCK अंकित है। इसका निर्माण वर्ष 2007 में जर्मनी के हैमबर्ग में हुआ था।

यह विमान लंबे समय तक एयर इंडिया के बेड़े का हिस्सा रहा और यात्री सेवा में इस्तेमाल होता था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अप्रैल 2019 में इस विमान ने दिल्ली-पटना सेवा में भी उड़ान भरी थी। इसकी अंतिम उड़ान 15 दिसंबर 2019 को हुई थी।

विमान में कुल 122 सीटें थीं। इनमें आठ बिजनेस क्लास और 114 इकोनॉमी क्लास की सीटें शामिल थीं। यह दो इंजन वाला विमान था।

2024 में किया गया स्क्रैप

जानकारी के अनुसार विमान को शुरुआत में कोलकाता में रखा गया था। बाद में एक कंपनी ने इसे कबाड़ के रूप में खरीदा और पटना लाया। कंपनी विमान के डिस्मेंटलिंग, परिवहन और दोबारा संयोजन का काम करती है।

विमान अब सेवा से बाहर हो चुका है। इसके डैने और इंजन पहले ही निकाले जा चुके हैं। बताया गया कि अप्रैल 2024 में विमान को स्क्रैप कर दिया गया था।

विमान को देखने के लिए उमड़ी भीड़

सेवा से बाहर हो चुके विमानों के हिस्सों का इस्तेमाल अब अलग-अलग उद्देश्यों के लिए किया जाता है। कई जगह पुराने विमानों को रेस्तरां, थीम पार्क और अन्य आकर्षक स्थानों के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है।

इसी क्रम में यह विमान भी ट्रेलर के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा था। हालांकि दलसागर टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए इसके रुकने से बक्सर में यह चर्चा का विषय बन गया।

आसमान में उड़ते विमान को देखने के आदी लोगों ने जब उसी विमान को सड़क पर इतने करीब से देखा, तो मोबाइल कैमरे निकाल लिए। देखते ही देखते विमान के साथ फोटो और वीडियो बनाने वालों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद ट्रेलर आगे बढ़ गया, लेकिन दलसागर टोल प्लाजा पर सड़क पर खड़े विमान का नजारा लोगों के लिए यादगार बन गया।